
भीलवाड़ा ,( जय प्रकाश शर्मा)! बनेड़ा – उपखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को ‘नई किरण नशा मुक्ति केंद्र’ के तत्वावधान में ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ (World No Tobacco Day) के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा ने की। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई ने उपस्थित सभी युवाओं का स्वागत किया और समाज में बढ़ती नशामुक्त भारत की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। अपने व्याख्यान में प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा ने युवाओं को तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले गंभीर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा:
“तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार को असमय संकट में डाल देता है। आज का युवा कल के सशक्त भारत का निर्माता है, इसलिए युवाओं को इस जानलेवा लत से कोसों दूर रहना चाहिए।”
उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल खुद को ही नहीं, बल्कि अपने आसपास के पूरे वातावरण को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।व्याख्यान के पश्चात कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई के द्वारा एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। उपस्थित सभी स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने पूरी निष्ठा के साथ यह संकल्प लिया कि वे:
जीवन में कभी भी किसी भी रूप में तंबाकू या नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे।
अपने परिवार, सगे-संबंधियों और मित्रों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
अपने गांव, समाज और राष्ट्र को पूरी तरह से तंबाकू मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई ने सभी का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि महाविद्यालय के स्वयंसेवक समाज में नशा मुक्ति के ब्रांड एंबेसडर बनकर उभरेंगे।








Users Today : 38