
दिखावटी शादियों पर अंकुश लगाने का आह्वान
जाट सामूहिक विवाह को लेकर सिंगोली में बैठक संपन्न
भीलवाड़ा,( जय प्रकाश शर्मा),बनेड़ा !राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा, भीलवाड़ा के तत्वाधान में आगामी 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित चतुर्थ जाट सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सिंगोली में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक सिंगोली जाट धर्मशाला निर्माण कमेटी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अध्यापक प्रभु लाल गुलरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेशाध्यक्ष शंकर लाल कुड़ी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष देवबक्ष ढाबरढीमा, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष रतनलाल डूँडा, संरक्षक नारू लाल सेपट एवं उपाध्यक्ष लक्ष्मण लाल गोटिया ने शिरकत की।
बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन उसी क्षेत्र में किया जाएगा, जहाँ से सर्वाधिक जोड़ों का पंजीयन होगा। इस दौरान देवीलाल गुलरिया को सर्वसम्मति से मांडलगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
शाहपुरा ब्लॉक अध्यक्ष रामधन थरोदा ने समाज में बढ़ती दिखावटी शादियों और फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने की अपील करते हुए सामूहिक विवाह पद्धति को अपनाने पर जोर दिया। महासभा के महामंत्री शोभाराम तोगडा ने संचालन करते हुए प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा, ’’दिखावे की होड़ में हम बहुत ’बड़े’ बन चुके हैं, लेकिन यदि वास्तव में समाज का भला करना है, तो अब हमें सादगी अपनाकर ’छोटा’ बनने का प्रयास करना चाहिए।’’ इसी क्रम में समाज ने एक ऐतिहासिक संकल्प लेते हुए निर्णय लिया कि शादी से पहले अधिकतम 5 लाख रुपये तक के जेवरात ही पहनाए जाएंगे।
धर्मशाला सचिव बद्री लाल भादू ने बैठक में पूर्व का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया और समाजजनों से सहयोग की अपील की। बैठक के दौरान ही दो जोड़ों चंचल (पुत्री संपत रुवाला) – रूपालिया, हमीरगढ़ एवं विष्णु (पुत्र श्यामलाल डेला) – रूपालिया, हमीरगढ़ का पंजीयन हुआ।
बैठक में भवानीराम नागा, सांवरलाल गोदारा, सुरेश मांड्या, मोहनलाल नागा, शंकर जाजूदा, मांगीलाल गोटिया और लहरु लाल सहित कई गणमान्य समाजजन उपस्थित रहे। महासभा ने घोषणा की कि आगामी बैठक जाट धर्मशाला, कोटड़ी में आयोजित की जाएगी।








Users Today : 3