
भीलवाड़ा ,( जय प्रकाश शर्मा)! बनेड़ा उपखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘शहीद दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों और सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को याद किया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे महाविद्यालय परिसर में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा ने की। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई के कुशल निर्देशन में स्वयंसेवकों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों और संकाय सदस्यों ने अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। स्वयंसेवकों ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में इन नायकों के अतुलनीय योगदान और उनके बलिदान की गाथाओं को याद किया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे शहीदों के उच्च आदर्शों, राष्ट्रप्रेम और निस्वार्थ सेवा की भावना को अपने व्यक्तिगत जीवन में उतारेंगे और देश की एकता व अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा ने कहा, “भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव मात्र नाम नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद की वे मशालें हैं जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्ग दिखाएंगी। युवाओं को उनके साहस और वैचारिक दृढ़ता से प्रेरणा लेनी चाहिए।” कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाना है। कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने देशभक्ति के नारे लगाए और सामूहिक रूप से राष्ट्र सेवा की शपथ ली।इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







Users Today : 4