भीलवाड़ा , (जय प्रकाश शर्मा)!बनेड़ा पर्यावरण संरक्षण संस्थान, भीलवाड़ा द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तहसील एवं ग्राम स्तर पर व्यापक पर्यावरण जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
संस्थान के चेयरमैन सीएस राजू जाट ने बताया कि वर्तमान समय में तेजी से बदलते परिवेश और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए युवाओं तथा आम नागरिकों को पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से संस्थान द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यशालाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व, वृक्षारोपण के लाभ, तथा पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को पौधे वितरित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण से जुड़ सकें।
इसके अतिरिक्त कार्यशालाओं में प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में जागरूकता, अक्षय ऊर्जा के बढ़ते महत्व, तथा औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी। लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों और नियमों के बारे में भी अवगत कराया जाएगा, जिससे समाज में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जा सके।
संस्थान के अनुसार इन कार्यशालाओं के आयोजन स्थलों और कार्यक्रम की रूपरेखा का अंतिम निर्धारण 20 अप्रैल को आयोजित होने वाली संचालक मंडल की बैठक में किया जाएगा।
संस्थान का उद्देश्य जिले में जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।








Users Today : 1