Home » धर्म » श्री शीतला माता मंदिर वल्लभनगर में चोरी की वारदात का खुलासा लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

श्री शीतला माता मंदिर वल्लभनगर में चोरी की वारदात का खुलासा लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

वल्लभनगर, 30 जुलाई :- वल्लभनगर कस्बे स्थित श्री शीतला माता मंदिर में एक माह पूर्व हुई बड़ी चोरी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से नाराज़ विप्र फाउंडेशन वल्लभनगर ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
           विप्र फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार वल्लभनगर नरेंद्र चौहान को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि वल्लभनगर कस्बे में स्थित मेवाड़ की प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री शीतला माता मंदिर में 1 जुलाई को अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर मंदिर ट्रस्ट की तिजोरी से लगभग 30 किलो चांदी एवं 12 तोला से अधिक सोने के आभूषण चुरा लिए थे। घटना के तुरंत बाद मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष महेश जोशी द्वारा वल्लभनगर थाना में मामला दर्ज कराया गया, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
         ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि वल्लभनगर थाना पुलिस द्वारा की गई जांच के सभी प्रयास विफल रहे हैं और तकनीकी संसाधनों एवं खुफिया तंत्र के होते हुए भी पुलिस कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है। प्रारंभ में इस मामले में कुछ राजनीतिक दलों की सक्रियता देखी गई, लेकिन अब पुलिस ने भी मामले की गहन जांच छोड़कर केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित कर दिया है।
          फाउंडेशन का कहना है कि यह मंदिर केवल वल्लभनगर ही नहीं, बल्कि उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा सहित कई जिलों के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। चोरी की इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी रोष है। यदि शीघ्र ही चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी नहीं होती है, तो समाजजन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर चोरी का जल्द से जल्द खुलासा करवाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था बहाल हो और आमजन में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहे।
         ज्ञापन देने में विप्र फाउंडेशन जिला महासचिव प्रेमशंकर रामावत, तहसील अध्यक्ष भगवतीलाल मेनारिया, जिला संरक्षक हुक्मीचंद सांगावत, कर्मचारी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गोपीलाल हिमावत, तहसील महामंत्री मांगीलाल सिंगावत, डालचंद नागदा, जिला उपाध्यक्ष मोहनलाल मेनारिया, बार अध्यक्ष अधिवक्ता रमेशचंद्र सांगावत, तहसील संरक्षक महेश जोशी, उपाध्यक्ष बद्रीलाल मेघावत, युवा प्रकोष्ठ वल्लभनगर अध्यक्ष मयूर जोशी, यूथ महासचिव भूपेंद्र पुजारी, सचिव दीपक आमेटा, सूरज जोशी, खुबिलाल मेनारिया, नगर महिला अध्यक्ष केसर पुजारी, टमु बाई, नगर अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय, उपाध्याय दुर्गाशंकर दवे, राकेश पुजारी, नगर संरक्षक राधेश्याम जोशी, गोपाल पुजारी, तहसील मिडिया प्रभारी सुरेशचंद्र मेनारिया, कैलाश पुजारी, अधिवक्ता अनूप पुजारी, मोहनलाल जावत सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?