Home » राजनीति » सहकारिता के माध्यम से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास हो : सामर

सहकारिता के माध्यम से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास हो :  सामर 

धरणेन्द्र जैन
खेरवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से उदयपुर संभाग के जनजाति बाहुल्य क्षेत्र की जनता को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सार्थक प्रयास किया जाना चाहिए, जिससे बेरोजगारी की समस्या का समाधान हो सके। सामर शनिवार को डूंगरपुर से उदयपुर जाते हुए खेरवाड़ा में भाजपा पदाधिकारीयों से सहकारिता के माध्यम से जन सेवा के प्रयासों पर चर्चा कर रहे थे । सामर ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र का सर्वाधिक लाभ गांव व ग्रामीण जनता उठा सकती है ,लेकिन इस हेतु जनता को जागरूक किया जाना चाहिए ।ताकि वह सहकारिता क्षेत्र में केंद्र व राज्य सरकार की चल रही कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि आज अधिकांश पंचायतों में लेंपस ,पैक्स आदि सहकारी संस्थाएं कार्य कर रही हैं। इनसे ग्रामीण जनता को लाभान्वित करने हेतु कार्यकर्ताओं को सक्रियता से कार्य करना चाहिए। इस दौरान भाजपा सिरोही जिले के पूर्व अध्यक्ष नारायण पुरोहित, वरिष्ठ भाजपा नेता पारस जैन, भाजपा जिला मंत्री अमित कलाल ,जनजाति मोर्चा प्रदेश मंत्री शंकर खराड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता आजाद कलाल आदि उपस्थित थे।

Leave a Comment