

भीलवाड़ा, (जय प्रकाश शर्मा),बनेड़ा!मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना बनेड़ा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 किलो 120 ग्राम अवैध डोडा चूरा एवं एक फॉर्च्यूनर कार जब्त की है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ एवं मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य एवं वृताधिकारी शाहपुरा ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरवीजन में पुलिस टीम का गठन किया गया।
दिनांक 19/20 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को थानाधिकारी बनेड़ा उ.नि. बछराज चौधरी मय जाप्ता गश्त व चेकिंग पर थे। इसी दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स चौकी भीलवाड़ा से सूचना मिली कि डाबला के पास आगूचा रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर मौके से फरार हो गया।
कुछ ही समय बाद ग्राम घरटा से सूचना मिली कि उक्त फॉर्च्यूनर कार ने गांव में एक कार व मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है तथा चालक वाहन को इधर-उधर भगा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम गांव घरटा के खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंची, जहां क्षतिग्रस्त अवस्था में फॉर्च्यूनर कार खड़ी मिली। वाहन का टायर फटा हुआ था तथा चालक मौके से फरार हो चुका था।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध डोडा चूरा के 4 कट्टे मिले, जिनका कुल वजन 57 किलो 120 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ व वाहन को नियमानुसार जब्त कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 32/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री:
फॉर्च्यूनर कार नंबर आरजे 31 यूए 4555
डोडा चूरा के 4 कट्टे (कुल वजन 57 किलो 120 ग्राम)
प्रकरण में फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।








Users Today : 6