
गुड़ली। मावली उपखंड क्षेत्र के पत्रकारों की बैठक मंगलवार को तुलसीदास जी की सराय स्थित पद्मिनी रिसोर्ट में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान एवं सुविधाओं को लेकर समय-समय पर आवाज उठाना आवश्यक है। उपस्थित पत्रकारों ने विभिन्न प्रशासनिक एवं सामाजिक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, पहचान पत्र, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा आपसी समन्वय को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। साथ ही तय किया गया कि भविष्य में पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट होकर कार्य किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांगें रखी जाएंगी।
बैठक में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव एवं फेक न्यूज की चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित की पत्रकारिता ही समाज में मीडिया की विश्वसनीयता को बनाए रख सकती है।
बैठक के अंत में सभी पत्रकारों ने पत्रकार एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया तथा नियमित अंतराल पर इस प्रकार की बैठकों के आयोजन पर सहमति व्यक्त की। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार महेन्द्र बारबर (गुड़ली), नरेंद्र त्रिपाठी (मावली), मनोज गुर्जर (मावली), ओम प्रकाश स्वर्णकार (मावली), विष्णुदास वैष्णव (घासा), ओम पुरोहित (अनोपुरा), शनि प्रजापत (मावली), दिनेश वैष्णव (घासा), नरेश जोशी (घासा), पुरण कुमार तेली (सिंधु) एवं जमनेश आमेटा (मावली) , भोपाल सिंह राव ( डबोक ) सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।








Users Today : 2