
भींडर,( कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!बांसड़ा में श्रावण मास की शुक्ल पक्ष एकादशी पर रविवार को मेनार से राणेरा महादेव जी तक 17 किलोमीटर लंबी विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं कांवड़ यात्रा संघ मेनार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यात्रा में 7 हजार से अधिक कांवड़ियों सहित करीब 10 हजार श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवा ध्वजों, महादेव की झांकियों और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल शिवमय बना रहा। मेनार के मेहतागढ़ स्थित मां जगदंबा मंदिर से सुबह करीब 8 बजे यात्रा रवाना हुई। कांवड़ियों ने गंगा, नर्मदा, गोदावरी, यमुना, सरस्वती, कावेरी एवं गंगासागर सहित सात पवित्र नदियों के जल से कांवड़ भरी। वाना, डांगीखेड़ा, कीर की चौकी, ढूंढिया होते हुए यात्रा राणेरा महादेवजी पहुंची। करीब सात घंटे में यात्रा पूरी हुई। इस दौरान मेनार-राणेरा मार्ग पर 51 स्थानों पर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर ड्रोन से पुष्प वर्षा हुई, जबकि कीर की चौकी और ढूंढिया में बुलडोजरों से भी पुष्प वर्षा की गई। यात्रा में वाना, बांसड़ा, बरोड़िया, खेड़ली, हिंता, रोहिड़ा, वरणी, ईंटाली, चौखड़ी, गवारड़ी, रुंडेड़ा, ढूंढिया सहित करीब 100 गांवों के श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने मंगलगीत गाए और युवा भगवा ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। नेशनल हाईवे-48 पर कांवड़ियों की लंबी कतार आकर्षण का केंद्र रही।
राणेरा महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान
राणेरा महादेव मंदिर परिसर में सुबह 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव शांति अध्याय, रुद्राभिषेक, रुद्र हवन एवं 5100 पार्थेश्वर पूजन कराया गया। पंडित बद्रीलाल आमेटा, नारायणलाल चौबीसा सहित विद्वान पंडितों के सानिध्य में यज्ञ हुआ। दोपहर 12:35 बजे हवन की पूर्णाहुति हुई। मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
सुरक्षा और सेवा के रहे इंतजाम
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस उप अधीक्षक श्रवणदास संत के निर्देशन में वल्लभनगर व खेरोदा थाना पुलिस तैनात रही। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जल, फलाहार और अल्पाहार के सेवा शिविर लगाए। हाईवे एंबुलेंस एवं चिकित्सा दल भी सक्रिय रहे। राणेरा महादेवजी पहुंचकर कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, गौ-रक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं विश्व कल्याण की कामना की। इसके बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ। विधायक उदयलाल डांगी सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।







Users Today : 5