Home » भींडर » खेरोदा से केदारेश्वर महादेव केदारिया तक निकली भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई

खेरोदा से केदारेश्वर महादेव केदारिया तक निकली भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई

Oplus_16908288

खेरोदा से केदारेश्वर महादेव केदारिया तक निकली भव्य कावड़ यात्रा, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा 13 किमी का मार्ग; अघोरी रहे मुख्य आकर्षण

भींडर , (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!खेरोदा कस्बे से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री केदारेश्वर महादेव केदारिया के लिए लगातार पांचवें वर्ष भव्य कावड़ यात्रा अत्यंत श्रद्धा, उमंग और धूमधाम के साथ निकाली गई। सुबह से ही शिवभक्तों और ग्रामीणों का हुजूम खेरोदा में एकत्र होना शुरू हो गया था। पारंपरिक श्वेत धोती-कुर्ते में सजे कावड़ियों ने कावड़ में पवित्र जल भरकर भगवान शिव के जयकारों के साथ अपनी पदयात्रा शुरू की। खेरोदा से केदारेश्वर धाम तक की लगभग 13 किलोमीटर की दूरी के दौरान पूरा मार्ग ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारों से धर्ममय हो गया।
डीजे और ढोल-नगाड़ों की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाते हुए कावड़िए आगे बढ़े, जिनके साथ बड़ी संख्या में महिला, पुरुष व युवा श्रद्धालु भी पैदल यात्रा में शामिल हुए। इस धार्मिक आयोजन में विशेष रूप से शामिल हुए शिव शक्ति दल चित्तौड़ से आए अघोरी पूरे यात्रा मार्ग में मुख्य आकर्षण का केंद्र बने रहे, वही महादेव की झांकी भी बनाई गई जिनके दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
यात्रा मार्ग में ग्रामीणों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा कावड़ियों का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। पदयात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह जलपान, फलाहार, ठंडे पेयजल और छाया की उत्तम व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे भक्तों का उत्साह पूरे रास्ते बना रहा। 13 किलोमीटर की भक्तिमय पदयात्रा पूर्ण कर केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे कावड़ियों ने पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान पूर्वक महाजलाभिषेक किया और क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की एवं सभी ग्रामीणों एवं कांवड़ियों में महाप्रसादी का लाभ लिया।

Leave a Comment