
डोडा-चूरा नष्टीकरण मुआवजे और ‘सी-फार्म’ भरने की मांग
वल्लभनगर, (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)/ डबोक ! वल्लभनगर क्षेत्र के अफीम उत्पादक किसानों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने वर्ष 2018 से 2025 तक के डोडा-चूरा नष्टीकरण को मान्यता देने, किसानों को सी-फार्म जारी करने और आगामी फसल वर्ष के लिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर मुआवजा तय करने के लिए एक विशेष कमेटी गठित करने की मांग की है।
खेतों में नष्ट हो चुका है पिछला स्टॉक, सी-फार्म भरने की मांग
विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने बताया कि डोडा-चूरा फसल का ऐसा अवशेष (कचरा) है, जो एक वर्ष के भीतर ही सड़ जाता है और इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना व्यावहारिक रूप से असंभव है। जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन और मौखिक आदेशों के अनुसार, किसानों ने वर्ष 2018 से वर्ष 2024-25 तक के डोडा-चूरा को अपने ही खेतों में खाद के रूप में डालकर नष्ट कर दिया था। इस संबंध में आबकारी विभाग और सरकार को समय-समय पर सूचित भी किया गया था। किसानों ने मांग की है कि इस नष्टीकरण को आबकारी विभाग के मार्फत सहमति प्रदान की जाए और किसानों के ‘सी-फार्म’ की पूर्ति करवाकर उन्हें राहत दी जाए।
मध्य प्रदेश की तर्ज पर मिले स्वीकृति
किसानों का कहना है कि वे हमेशा नियम सम्मत प्रक्रिया का पालन करने को तत्पर रहे हैं और उनके द्वारा डोडा-चूरा का कोई दुरुपयोग नहीं किया गया है। किसानों ने मांग की है कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश की नष्टीकरण प्रक्रिया को आधार बनाते हुए राजस्थान में भी किसानों द्वारा खेत में किए गए नष्टीकरण को वैध स्वीकृति प्रदान की जाए। इसके लिए सरकार किसानों से शपथ-पत्र और घोषणा-पत्र लेकर इस समस्या का स्थाई समाधान खोजे।
अंतरराष्ट्रीय दरों पर मुआवजे के लिए कमेटी गठन की मांग
ज्ञापन में आगामी फसल वर्ष 2025-2026 के डोडा-चूरा नष्टीकरण के लिए सरकार से अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्यों के अनुसार मुआवजा तय करने की पुरजोर मांग की गई है। किसानों ने आग्रह किया है कि सरकार एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन करे, जो उचित मुआवजा दर तय कर आबकारी विभाग की देखरेख में नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी करवाए। साथ ही, यह भी मांग की गई है कि आबकारी विभाग के अधिकारी पिछले वर्षों के स्टॉक को लेकर किसानों पर किसी भी प्रकार का अनुचित दबाव न बनाएं और न ही उन्हें परेशान करें।
विधायक ने दिया आश्वासन:
ज्ञापन स्वीकार करते हुए वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी ने किसानों को आश्वस्त किया कि अफीम उत्पादक किसानों की यह मांग पूरी तरह वाजिब है। वे इस विषय को पूरी संवेदनशीलता के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखेंगे ताकि किसानों को पिछले 8 वर्षों के गतिरोध से मुक्ति मिल सके और उचित मुआवजा मिल सके।
ओकार लाल मेनारिया पूर्व सरपंच, सूरजमल मेनारिया पूर्व सरपंच दुर्गेश मेनारिया डूंगला विजय लाल जी भोपाजी विजय लाल भलावत, पुरुषोत्तम मेनारिया दुर्गा शंकर मांगीलाल मेनारिया जगदीश मेनारिया रामेश्वर जाट रमेश मेनारिया आदि मौजूद रहे !








Users Today : 139