Home » उदयपुर जिला » अंकों की दौड़ से बाहर निकलकर कौशल विकास पर दें ध्यान: जितेंद्र सिंह

अंकों की दौड़ से बाहर निकलकर कौशल विकास पर दें ध्यान: जितेंद्र सिंह

एसआरएम इंटरनेशनल स्कूल में सेमिनार के दौरान प्रख्यात विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स

उदयपुर ( कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!उदयपुर जिले के एसआरएम इंटरनेशनल स्कूल मावली में आयोजित करियर मार्गदर्शन सेमिनार में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रख्यात विशेषज्ञ जे.एस. ग्लोबल के संस्थापक जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूली शिक्षा के दौरान अंकों के पीछे भागने के बजाय कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देना करियर में ऊँचाइयाँ छूने के लिए अधिक प्रभावी है।

अवेयरनेस की कमी है बड़ी चुनौती:- जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि निकट भविष्य में अंकों की तुलना में कौशल, क्षमता और व्यक्तित्व का महत्व तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी के सामने हजारों नए करियर विकल्प उपलब्ध हैं। लेकिन पर्याप्त जानकारी के अभाव में कई विद्यार्थी और अभिभावक अभी भी पारंपरिक व पुराने करियर विकल्पों तक ही सीमित हैं। जिसके कारण वे अपनी अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।

नए क्षेत्रों में करियर की अपार संभावनाएं:- सिंह ने बताया कि अब करियर केवल विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और चिकित्सा तक सीमित नहीं है। वाणिज्य, व्यवसाय, कृषि और मानविकी जैसे क्षेत्रों में भी तकनीक का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में मौजूद ट्रेंडिंग और भविष्य-उन्मुख विकल्पों की जानकारी दी। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, सस्टेनेबल एनर्जी, पर्यावरण विज्ञान, हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञों की बढ़ती मांग पर जोर दिया।

अभिभावकों को दी अहम सलाह:- अभिभावकों को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि विषय या करियर का चयन करते समय केवल विद्यार्थी की रुचि, योग्यता, प्रवृत्ति और भावनात्मक बुद्धिमत्ता को ही आधार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि करियर चयन में संशय हो, तो एक पेशेवर करियर काउंसलर की सलाह गेम चेंजर साबित हो सकती है। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाध्यापिका प्रीति सरोहा ने अतिथि का स्वागत किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर मार्गदर्शन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?