
भीण्डर राजमहल से वनखण्डेश्वरी माताजी तक की पदयात्रा, क्षेत्र में अच्छी बारिश व खुशहाली की कामना
भींडर (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)! वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना लेकर पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर एवं सैकड़ों आमजन पदयात्रा पर निकले। रविवार शाम 6 बजे भीण्डर राजमहल से पदयात्रा रवाना हुई, जिसमें सैकड़ों आमजन शामिल हुए। पदयात्रा राजमहल से रवाना होकर रावलीपोल, सूरजपोल, नगर पालिका, शाहजी की भागल, बोरतलाई मोड़, आमलिया चौराहे होते हुए प्रसिद्ध वनखण्डेश्वरी माताजी मन्दिर पर पहुंची।
माताजी को भोग लगा की बारिश की कामना
वल्लभनगर पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर व आमजनों ने वनखण्डेश्वरी माताजी के समक्ष भोग लगाकर क्षेत्र में अच्छी बारिश व खुशहाली की कामना की। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना करके माताजी के समक्ष प्रार्थना की गई। वहीं पदयात्रा में शामिल हुए सभी भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। उल्लेखनीय हैं कि वन की देवी के रूप में प्रसिद्ध वनखण्डेश्वरी माताजी को लेकर धार्मिक मान्यता हैं कि बारिश की कामना लेकर यहां पहुंचने पर माताजी कृपा करती हैं। इसी आस्था के चलते क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर पदयात्रा निकाली। पूर्व विधायक भीण्डर वर्ष 2001 और 2002 में क्षेत्र में अकाल जैसी स्थिति होने पर 2003 में पदयात्रा निकालकर क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना की थी। इसके बाद क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से लोगों को राहत मिली थी।
पदयात्रा का हुआ विभिन्न जगह स्वागत
भीण्डर से रवाना हुई पदयात्रा का विभिन्न जगहों पर लोगों ने पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर का स्वागत किया, वहीं कई जगहों से लोग पदयात्रा में शामिल होते गये। पदयात्रा में आगे ढोल की थाल पर सभी माताजी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे तो वहीं बारिश की कामना के लिए प्रार्थना भी की जा रही थी। पदयात्रा में भीण्डर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान हरिसिंह सोनिगरा, अशोक धर्मावत, पूर्व पार्षद पारस नागौरी, जितेन्द्र साहु, प्रभाशंकर शर्मा, प्रदेश युवा प्रवक्ता रणजीत सिंह राणावत, नरेंद्र दास वैष्णव, किशन सिंह शक्तावत आदि शामिल हुए।








Users Today : 18