
भीण्डर से वनखण्डेश्वरी माताजी मंदिर तक होगी पदयात्रा, सैकड़ों आमजन होंगे शामिल
उदयपुर। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में मानसून का एक माह बीत जाने के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं होने से किसान और आमजन चिंता में हैं। खेतों में फसलों की स्थिति को लेकर किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। ऐसे में क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर रविवार को भीण्डर से प्रसिद्ध वनखण्डेश्वरी माताजी मंदिर तक पदयात्रा निकालेंगे। इस पदयात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से सैकड़ों आमजन के शामिल होंगे। पदयात्रा 9 अगस्त, रविवार शाम 6 बजे भीण्डर राजमहल से शुरू होगी। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु वनखण्डेश्वरी माताजी के मंदिर पहुंचकर क्षेत्र में अच्छी बारिश, खुशहाली और किसानों की फसल के लिए पर्याप्त पानी की कामना करेंगे।
वन की देवी के रूप में प्रसिद्ध हैं वनखण्डेश्वरी माताजी
वनखण्डेश्वरी माताजी का मंदिर क्षेत्र में विशेष आस्था का केंद्र माना जाता है। वन की देवी के रूप में प्रसिद्ध माताजी को लेकर धार्मिक मान्यता हैं कि बारिश की कामना लेकर यहां पहुंचने पर माताजी कृपा करती हैं। इसी आस्था के चलते इस बार भी क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना को लेकर पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने वर्ष 2001 और 2002 में क्षेत्र में अकाल जैसी स्थिति होने एवं लगातार बारिश की कमी के कारण किसान और आमजन बेहद परेशान थे। उस समय उन्होंने वर्ष 2003 के मानसून से पहले भीण्डर से वनखण्डेश्वरी माताजी मंदिर तक पदयात्रा निकालकर क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना की थी। इसके बाद क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से लोगों को राहत मिली थी। पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा किसी राजनीतिक दल या पार्टी विशेष की नहीं है, बल्कि पूरे वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के आमजन और किसानों की अच्छी बारिश की सामूहिक कामना को लेकर आयोजित की जा रही है।








Users Today : 18