
पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर 29 जून से वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण दौरे की शुरुआत, जनकल्याणकारी योजनाओं की देंगे जानकारी, सुनेंगे लोगों की समस्याएं
भींडर, (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)/उदयपुर। वल्लभनगर के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर आगामी 29 जून से वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा शुरू करेंगे। इस जनसंपर्क अभियान के माध्यम से वे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, राजस्थान की भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उन्हें सरकार तक पहुंचाने का भी प्रयास करेंगे।
आमजन से सीधा संवाद जरूरी – भीण्डर
पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने बताया कि भाजपा सरकारों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए गांव-गांव जाकर आमजन से सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने विकास, आधारभूत सुविधाओं, किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी उपलब्धियों से ग्रामीणों को अवगत कराना तथा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान केवल उपलब्धियां बताने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना जाएगा। क्षेत्र में पेयजल, सड़क, बिजली, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों एवं सरकार तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
29 जून का दौरा कार्यक्रम
भीण्डर बताया कि अभियान के पहले दिन 29 जून को शाम 4 बजे अमरपुरा जागीर, 5 बजे लूणदा, 6 बजे सारंगपुरा (कानोड़) तथा 7 बजे पीथलपुरा पंचायत क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। आने वाले दिनों में विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों का भी चरणबद्ध दौरा किया जाएगा। रणधीर सिंह भीण्डर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय और विकास कार्य देखे हैं, जिनका लाभ देश के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचा है। वहीं राजस्थान की भाजपा सरकार ने भी पिछले दो वर्षों में जनकल्याण और विकास के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करते हुए आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया है।








Users Today : 0