
वल्लभनगर के किसानों की आवाज बने रणधीर सिंह भीण्डर, भूमि पैमाइश की गंभीर त्रुटियों पर मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ियों से किसानों को हो रहा नुकसान, त्वरित सुधार और मुआवजे की मांग
भीण्डर, (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)। वल्लभनगर के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व में कराई गई भूमि पैमाइश में हुई गंभीर त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पैमाइश की गलतियों के कारण क्षेत्र के हजारों किसानों और भूमि स्वामियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में रणधीर सिंह भीण्डर ने बताया कि यह मुद्दा पूर्व में राजस्व सचिव एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक आवश्यक सुधार नहीं होने से किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने पत्र में कई चौंकाने वाली विसंगतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि कई मामलों में एक व्यक्ति की भूमि दूसरे के नाम दर्ज हो गई है। सड़क किनारे स्थित भूमि को पैमाइश में पीछे दर्शा दिया गया है, जबकि पीछे की भूमि को आगे दिखा दिया गया है। वहीं कई किसानों की भूमि का रकबा भी रिकॉर्ड में गलत दर्ज हो गया है। कहीं दस बीघा भूमि पांच बीघा दिखाई जा रही है तो कहीं दो बीघा भूमि दस बीघा दर्ज हो गई है।
रणधीर सिंह भीण्डर ने कहा कि इन त्रुटियों के कारण किसानों के मालिकाना हक पर प्रश्नचिह्न लग रहा है और भूमि विवादों की स्थिति बन रही है। साथ ही बैंक ऋण, फसल बीमा, कृषि योजनाओं तथा अन्य सरकारी लाभों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों को न्यायिक, प्रशासनिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में उन्होंने मांग की है कि राजस्व विभाग पुराने नक्शों, खसरा-खतौनी और भूमि अभिलेखों की समीक्षा कर त्रुटियों का सत्यापन करते हुए तत्काल सुधार कार्य शुरू करे। जिन मामलों में स्पष्ट विसंगतियां हैं, वहां प्रभावित पक्षों की मौजूदगी में मौके पर सत्यापन कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर पंचायत स्तर पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित कर सुधार प्रक्रिया को गति दी जाए।
इसके अलावा उन्होंने प्रभावित किसानों को हुई आर्थिक क्षति के लिए राहत एवं मुआवजा देने तथा भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की है। साथ ही सुधार कार्य की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। भीण्डर ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से क्षेत्र के किसानों को न्याय मिलेगा और राजस्व अभिलेखों की विश्वसनीयता पुनः स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि वल्लभनगर क्षेत्र के अनेक पीड़ित किसान इस मामले में सरकार से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे है।








Users Today : 0