
मावली ! मावली कस्बे में आज लिमड़िया जी बावजी के सान्निध्य में वैष्णव बैरागी समस्त समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजजनों द्वारा विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से कई निर्णय लिए गए।
बैठक में समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि पिछले 15 दिनों से विभिन्न समाचार पत्रों, मीडिया प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनलों एवं व्हाट्सएप समूहों में 10 से 12 लाख रुपये के कथित गबन से संबंधित समाचार प्रसारित हो रहे हैं। इस संबंध में स्पष्ट किया गया कि विवादित वैष्णव बैरागी 8 बैठक विकास समिति में आठ बैठक समाज का व्यापक प्रतिनिधित्व नहीं है तथा उसमें घासा निवासी महंत बालूदास वैष्णव के अतिरिक्त अन्य महंत सम्मिलित नहीं हैं।
बैठक में बताया गया कि पूर्व में उक्त समिति द्वारा दो सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए गए थे, जिनके आय-व्यय एवं हिसाब-किताब को लेकर वर्तमान में विवाद उत्पन्न हुआ है। यह मामला अब न्यायालय में विचाराधीन है। समाजजनों ने चिंता व्यक्त की कि इस विवाद के कारण आठ बैठक समाज की छवि प्रभावित हुई है, जबकि आठ बैठक समाज में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और सम्पूर्ण समाज एकजुट है।
समाज ने निर्णय लिया कि न्यायालय में विचाराधीन विवाद के संबंध में आगामी बैठक में समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि दिनांक 1 जून 2026 को खेमली स्थित हनुमानजी मंदिर परिसर में एक नए संगठन के तहत कार्यकारिणी का गठन किया गया था। समाज ने निर्णय लिया कि जिन व्यक्तियों के नाम उनकी पूर्व अनुमति एवं सहमति के बिना उक्त कार्यकारिणी में सम्मिलित किए गए हैं, वे सभी सदस्य रमेश वैष्णव की अध्यक्षता वाली कार्यकारिणी से स्वतः निरस्त माने जाएंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह भी तय किया गया कि समाज की अगली बैठक 14 जून 2026 को जोगणिया माता मंदिर, पावर हाउस, देबारी में आयोजित की जाएगी, जिसमें समाज के विभिन्न विषयों पर आगे की कार्यवाही एवं निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने समाज की एकता, आपसी सद्भाव एवं संगठन की मजबूती बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।








Users Today : 3