Home » उदयपुर जिला » पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों ने नियमितिकरण की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों ने नियमितिकरण की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उदयपुर। राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ के बैनर तले बुधवार को उदयपुर के पंचायत शिक्षक एवं विद्यालय सहायकों ने जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें संविदा कर्मियों को नियमित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की गई है।
जिला संयोजक तिलकेश आमेटा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार को अवगत कराया गया है कि बजट 2025-26 में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा अनुभव में शिथिलता प्रदान करने हेतु 2 वर्ष की छूट देने की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद, अब तक नियमितिकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होने से प्रदेश भर के 23,740 संविदा कर्मियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि ‘CSR RULES 2022’ के बिंदु संख्या 20 के तहत इन्हें नियमित किया जाना चाहिए, क्योंकि इनका अनुभव बजट घोषणा के बाद पूरा हो चुका है। संघ ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो 10 जून से बीकानेर स्थित शिक्षा निदेशालय के बाहर प्रदेश भर के संविदा कर्मी अनिश्चितकालीन महापड़ाव डालेंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में घासा ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण गायरी, कोटड़ा ब्लॉक अध्यक्ष नरेश प्रजापत,  चंदा सराडा ,    निशा गिर्वा और इसके अलावा मदन ओदिच्य, माधव गायरी, प्रेम लाल मेघवाल, भवानी सिंह, मांगी लाल गमेती सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?