मावली/फ़तहनगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर के गौरवशाली इतिहास में शनिवार का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जब क्षेत्र के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं उदारमना भामाशाह ओ.पी. अग्रवाल ने इस शैक्षणिक संस्थान को गोद लेने की आधिकारिक घोषणा की।
विद्यालय परिसर में आयोजित गरिमामय एवं संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान अध्यापक-अभिभावक परिषद, समस्त विद्यालय स्टाफ एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने भामाशाह अग्रवाल का आत्मीय अभिनंदन करते हुए उनका भव्य बहुमान किया। इस अवसर पर विद्यालय के विकास एवं आधुनिकीकरण की नई उम्मीदें जगीं।
कार्यक्रम के दौरान ओ.पी. अग्रवाल एवं प्राची अग्रवाल द्वारा राज्य सरकार को पत्र प्रेषित कर विद्यालय के नव-निर्माण एवं आधुनिकीकरण हेतु लगभग 2 करोड़ रुपये तक की सहयोग राशि प्रदान करने की स्वीकृति देने की घोषणा की गई।
छात्र-अभिभावक परिषद के अध्यक्ष शैलेश पालीवाल ने घोषणा के उपरांत साफा एवं उपरना पहनाकर ओम प्रकाश अग्रवाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर परिषद के सदस्यगण—सत्यनारायण अग्रवाल(गुलाब )राजकुमार खंडेलवाल, पार्षद हेमलता देवड़ा, हमीदा बानो, कैलाश अग्रवाल(अनमोल), राधेश्याम जी बागला जिनेंद्र जैन, पार्षद विनोद धर्मावत , ओम प्रकाश टेलर, कैलाश खंडेलवाल हितेष अग्रवाल भोम सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य सपना भार्गव ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की कमी को दूर करने हेतु नगर के भामाशाह ओ.पी. अग्रवाल द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान करने की सहमति दी गई है।
यह पहल न केवल विद्यालय के भौतिक विकास को नई दिशा देगी, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी स्थापित करेगी।








Users Today : 1