
सड़क पर स्थायी जानलेवा खड्डा, हादसे का बना अड्डा – जिम्मेदार कौन?
वल्लभनगर, (कन्हैया लाल मेनारिया)बांसडा। उदयपुर जिले के केदारिया जाने वाली मुख्य सड़क पर बना एक स्थायी और जानलेवा खड्डा अब आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। पिछले कई महीनों से सड़क के बीचों-बीच बना यह गहरा गड्ढा न केवल यातायात को बाधित कर रहा है, बल्कि रोजाना हादसों को भी न्योता दे रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस खड्डे के कारण अब तक कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। रात के समय और बारिश में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पानी भर जाने से गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है इसका अंदाजा सड़क पर कीचड़ में उगे शीशम के पेड़ से लगाया जा सकता है जो कि लगभग चार फीट बड़ा हो चुका है लेकिन प्रशासन अभी तक बेखर है
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। अस्थायी मरम्मत कर खानापूर्ति कर दी जाती है, जो कुछ ही दिनों में फिर उखड़ जाती है।
यह खड्डा किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो जान-माल की बड़ी हानि हो सकती है।
इस सड़क से रोजाना स्कूल बसें, एम्बुलेंस और भारी वाहन गुजरते हैं। अचानक ब्रेक लगाने या वाहन डगमगाने से बड़ा हादसा हो सकता है। छोटे चार पहिया वाहन वाले राहगीरों को मुड़ कर वापिस जाना पड़ रहा है अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। साथ ही केदारिया में विराजित प्रसिद्ध श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर पर कलश स्थापना कार्यक्रम भी प्रस्तावित है ऐसे में रास्ते का सुधार करना अति आवश्यक है
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि
तत्काल उच्च गुणवत्ता की सामग्री से स्थायी मरम्मत करवाई जाए।
जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा ?








Users Today : 13