Home » भींडर » मेनार के लाल देव मेहता की फिल्म ‘बिहू अटैक’ देखने सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे सेलिब्रेशन मॉल, जयकारों से गूंजा थियेटर

मेनार के लाल देव मेहता की फिल्म ‘बिहू अटैक’ देखने सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे सेलिब्रेशन मॉल, जयकारों से गूंजा थियेटर

फ़िल्म देखने के लिए सभी दिखे काफ़ी उत्साहित, ग्रामीणों ने ज्यादा से ज्यादा मूवी देखने का किया आह्वान

वल्लभनगर , (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!मेवाड़ की धरती और उदयपुर जिले के ऐतिहासिक गांव मेनार के उभरते सितारे एवं बॉलीवुड अभिनेता देव मेहता मेनारिया की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बिहू अटैक’ शुक्रवार 16 जनवरी को रिलीज होते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। फिल्म देखने के लिए उपखण्ड क्षेत्र के मेनार, रुंडेड़ा व खरसाण सहित आसपास के गांवों से रविवार को सर्व समाज के सैकड़ों ग्रामीण बसों के माध्यम से उदयपुर स्थित सेलिब्रेशन मॉल पहुंचे।
     मॉल पहुंचते ही ग्रामीणों और युवाओं ने एक स्वर में भारत माता की जय, वंदे मातरम् के गगनभेदी जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान भी थियेटर बार-बार राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
          मेनार के युवाओं एवं ग्रामीणों के लिए पूर्व बार अध्यक्ष अधिवक्ता एवं विश्व हिंदू परिषद जिलामंत्री रमेशचंद्र सांगावत की ओर से रविवार को सेलिब्रेशन मॉल में पूरा शो आयोजित किया गया। उन्होंने गांव से उदयपुर तक आने-जाने के लिए बसों की समुचित व्यवस्था भी की, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण फिल्म देखने पहुंच सके।
इस दौरान जब अभिनेता देव मेहता पीवीआर थियेटर पहुंचे तो युवाओं ने उन्हें कंधों पर उठाकर जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया। देव का मेवाड़ी लाल पाग व उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस मौके पर देव मेहता ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि पूरे मेवाड़ और देश की है। आप सभी के साथ एक साथ यह फिल्म देखकर मुझे बेहद गर्व और खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि बिहू अटैक भारतीय सेना पर आधारित एक देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म है, जिसमें असम की समृद्ध संस्कृति और बिहू पर्व की झलक देखने को मिलती है। यह फिल्म देश के जवानों के साहस, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करती है।
       पूर्व बार अध्यक्ष अधिवक्ता रमेशचंद्र सांगावत, महिलाध्यक्ष श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज खड़क क्षेत्र जवास निवेदिता जोशी व्यास ने कहा कि यह फिल्म युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगी और समाज को एक सकारात्मक संदेश देगी। उन्होंने कहा कि देव मेहता 16 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद बड़े पर्दे पर पहुंचे हैं, जिससे पूरे गांव, समाज, परिवार और मेवाड़ का मान-सम्मान बढ़ा है। उन्होंने सभी दर्शकों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस फिल्म को देखें और देशभक्ति से प्रेरणा लें।

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?