

राजस्थान आंबेडकर शिक्षक संघ का प्रांतीय शैक्षिक सम्मेलन संपन्न, 21 सूत्री मांग पत्र तैयार
मावली ! राजस्थान आंबेडकर शिक्षक संघ का दो दिवसीय प्रांतीय शैक्षिक सम्मेलन शनिवार को नगर स्थित शिव वाटिका में संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए शिक्षकों एवं संघ पदाधिकारियों ने एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े ज्वलंत मुद्दों और शिक्षक हितों पर गंभीर विमर्श किया। सम्मेलन के समापन पर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 21 सूत्री मांग पत्र तैयार किया गया, जिसे राज्य सरकार एवं संबंधित प्रशासनिक तंत्र को प्रेषित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष गौतम तिरगर एवं जिला महामंत्री रामसिंह रेगर ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार को खुले मंच का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए शिक्षक एवं पदाधिकारियों ने खुलकर अपनी समस्याएं, सुझाव एवं प्रस्ताव रखे। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे प्रदेशाध्यक्ष डॉ. खेमराज कड़ेला ने शिक्षकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से रखेगा और समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करेगा। साथ ही उन्होंने शिक्षा को समाज के वंचित एवं अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। मुख्य अतिथि आंबेडकर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष मोहनलाल मेघवाल ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। संचालन उदयपुर संभागीय अध्यक्ष कैलाशचंद्र खटीक ने किया।
—
इन समस्याओं पर की चर्चा
खुले मंच में स्थायी स्थानांतरण नीति बनाने, सभी संवर्गों की नियमित डीपीसी करने, 2009 से कार्यरत पातेय वेतन वरिष्ठ अध्यापक व प्रधानाध्यापक को कार्यग्रहण तिथि से कन्फर्म करने, अजा/जजा का आर्थिक आधार ढाई लाख से बढ़ाकर 8 लाख ईडब्ल्यूएस की भांति करने, समस्त संवर्गों में रोस्टर के अनुसार पदोन्नति करने, पदोन्नति में जोन ऑफ कन्सीड्रेशन की सीमा को असीमित करने, आरक्षित पदों की पात्रता सूची पृथक से बनाने, कंप्यूटर अनुदेशक का नाम कंप्यूटर शिक्षक कर समस्त परिलाभ देने, आरक्षण को संविधान की 9वीं अनुसूची में डालकर लाभ देने, निजी क्षेत्र में संवैधानिक प्रावधान के अनुसार आरक्षण लागू करने, शारीरिक शिक्षकों की नियमित डीपीसी करने, अन्य पिछडा वर्ग की छात्राओं को स्कूल प्रदत्त योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ को अजा/जजा को भी देने सहित 21 सूत्री मांग पत्र तैयार किया गया।
—
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री रतनलाल खटीक, ब्लॉक अध्यक्ष नानालाल गमेती, ललित कुमार पिछोलिया, रामलाल रेगर, पन्नालाल खटीक, छगनलाल अरणाय, पन्नालाल मेघवाल, खेमराज बलाई, जसराज सरगरा, तुलसीराम मेघवाल, इंद्रमल खराड़ी, मदनलाल रेगर, भगवतीप्रसाद सालवी, नाथूलाल मेघवाल, मांगीलाल मेघवाल, राधेश्याम जटिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, संघ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








Users Today : 40