Home » भींडर » राउप्रावि मावली डांगीयान के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण

राउप्रावि मावली डांगीयान के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण

वल्लभनगर,( कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मावली डांगियान के छात्र-छात्राओं को रविवार को विद्यालय स्टाफ के मार्गदर्शन में एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उदयपुर स्थित सिटी पैलेस, सज्जनगढ़ वन्यजीव अभ्यारण्य, पिछोला एवं फतेहसागर झील, वैक्स म्यूजियम तथा सेलिब्रेशन मॉल का भ्रमण किया। सिटी पैलेस में बच्चों ने मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, राजपरंपराओं एवं स्थापत्य कला के बारे में जानकारी प्राप्त की, वहीं सज्जनगढ़ अभ्यारण्य में जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझा।
      शारीरिक शिक्षक जसवंत मेनारिया ने बताया कि पिछोला एवं फतेहसागर झील के सौंदर्य ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। भ्रमण के दौरान विदेशी पर्यटकों के साथ फोटो खिंचवाने का अवसर मिलने से बच्चों में उत्साह और रोमांच देखने को मिला। वैक्स म्यूजियम में विभिन्न महान व्यक्तित्वों की प्रतिमाओं को देखकर विद्यार्थियों ने इतिहास व समसामयिक विषयों के प्रति गहरी रुचि दिखाई। अध्यापक नविंद्र कुमार यादव ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा उन्हें मेवाड़ की प्रकृति, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इस शैक्षिक भ्रमण में शारीरिक शिक्षक जसवंत कुमार मेनारिया, प्रबोधक चतर्भुज डांगी, महेंद्र सिंह झाला, अध्यापक नविंद्र कुमार यादव, सतपाल बाजिया, सहीराम, हेमंत पाराशर, करन मेनारिया सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।

Leave a Comment