
कानोड़ में आमजन ने लगाई पूर्व विधायक से गुहार, हमारी सड़क बनवा दो, उड़ती धूल से हैं परेशान
कानोड़, (कन्हैयालाल मेनारिया बासड़ा)!वल्लभनगर के पूर्व विधायक व भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने गुरूवार को कानोड़ में जनसुनवाई की। इस दौरान लोगों ने कानोड़ व आस-पास के क्षेत्रों की जनसमस्याओं से अवगत करवाया तो वहीं बेहाल सड़क व उड़ती धूल से परेशान आमजन ने आक्रोश व्यक्त किया।
जनसुनवाई के दौरान सुकड़िया (आकोला) के ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमणकर्ता बार-बार अवैध कब्जे कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटाया जा चुका है, लेकिन फिर भी दोबारा निर्माण हो जाता है। इस पर जब तहसीलदार और उपजिला अधिकारी से वार्ता की गई तो उन्होंने कहा कि अबकी बार अतिक्रमणकारियों को कानूनी सजा दी जाएगी ताकि दोबारा कब्जा न हो सके। कानोड़ में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा चुकी है। स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा। अधिकतर मामलों में मरीजों को भीण्डर या उदयपुर रेफर किया जा रहा है। नागरिकों ने इस संबंध में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की। क्षेत्र की सड़क की हालत बेहद खराब बनी हुई है। कई मार्ग पिछले डेढ़ साल से खराब पड़े हैं, लेकिन अब तक न मरम्मत हुई और न ही कोई स्थायी समाधान निकाला गया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे हुए है। इस दौरान उपस्थित सैकड़ों लोगों ने सड़क को लेकर आका्रेश भी व्यक्त किया कि प्रशासन इसको ठीक करवाने के लिए उचित कदम नहीं उठा रहा है। वहीं निकटवर्ती उमरों का वेला स्थित सरकारी स्कूल में एकमात्र शिक्षक के सहारे दर्जनों बच्चों की पढ़ाई हो रही है। इस स्थिति से बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में नाराजगी है। पूर्व में उपजिलाधिकारी कानोड़ में नियमित रूप से केम्प कोर्ट लगाते थे जिससे ग्रामीणों को न्यायिक मामलों में सुविधा होती थी। लेकिन अब वह भी बंद हो गई है। इस दौरान रतन लक्षकार, पारस नागौरी, वीरेंद्र गांधी, कोमल कामरिया, भवानी सिंह, मुकेश मेघवाल, मनोज चौबीसा, केरेश्वर मंडल उपाध्यक्ष भेरु सिंह राठौड़, वकील मुकेश चौबीसा, वकील भगवतीलाल जैन, वकील सज्जन सिंह नलवाया, भारत सिंह हवेली पीथलपुरा, महावीर दक पूर्व उपचेयरमेन, राकेश पचौरी, राम सिंह सरवानिया, राधाकिशन पाटीदार, अशोक जैन आदि उपस्थित रहे।








Users Today : 107