
जासोरिया में बाड़े में लगी भीषण आग, 20 ट्रॉली चारा जलकर राख; दमकल की गाड़ियों और स्थानीय टैंकरों की मदद से 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
भीलवाड़ा , ( जय प्रकाश शर्मा)! बनेड़ा उपखण्ड सर्किल के कासोरिया ग्राम पंचायत के जासोरिया गांव में सोमवार देर शाम को एक पशु बाड़े में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में बाड़े में रखा करीब 20 ट्रॉली पशु चारा (कड़बी) जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीण मुकेश गुर्जर ने बताया कि जासोरिया गांव के रहने वाले श्रवण पिता सोजी राम गुर्जर के बाड़े में सोमवार देर शाम को लगी। देर शाम के समय बाड़े से अचानक धुएं के ऊंचे गुब्बार और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे बाड़े को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत नजदीकी औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही संगम इंडिया लिमिटेड सरेरी से एक और आगूचा माइंस से एक दमकल गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। इसके साथ ही ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्थानीय पानी के टैंकरों की भी मदद ली गई।
दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने इन वॉटर टैंकरों व दो दमकल की गाड़ियों की मदद से पानी की बौछारें कीं और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के बाड़े में आग नहीं फैली अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था और बाड़े में बंधे मवेशी सुरक्षित बच गए। हालांकि, 20 ट्रॉली चारा जलने से किसान श्रवण गुर्जर के सामने अब मवेशियों के चारे-पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित किसान को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है।







Users Today : 14