
भीलवाड़ा, (जय प्रकाश शर्मा)!बनेड़ा उपखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को ‘नई किरण’ नशा मुक्ति कार्यशाला का सफल आयोजन
महाविद्यालय सेमिनार हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के तत्वावधान में ‘नई किरण नशा मुक्ति योजना’ के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान एवं कार्यशाला का आयोजन दोपहर 12 बजे किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें एक स्वस्थ, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा के मार्गदर्शन में हुआ। अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्राचार्य महोदय ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर ही वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। कार्यशाला के मुख्य वक्ता महावीर प्रसाद मिश्रा ने अपने व्याख्यान में नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार नशे की आदत व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य और परिवार को बर्बाद कर देती है। उन्होंने युवाओं को तनाव प्रबंधन और सकारात्मक गतिविधियों के जरिए इस दलदल से दूर रहने के व्यावहारिक उपाय भी सुझाए।कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति केंद्र कार्यक्रम प्रभारी मुकेश कुमार कुमावत ने केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न पुनर्वास और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की गिरफ्त में आ चुके व्यक्तियों को सही मार्गदर्शन और चिकित्सा सहायता से कैसे सामान्य जीवन में वापस लाया जा सकता है। एन.एस.एस. कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना हमेशा से समाजोपयोगी अभियानों में अग्रसर रही है और यह कार्यशाला विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करेगी। कार्यशाला में महाविद्यालय के शिक्षकगण, एन.एस.एस. स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ लेकर किया गया।








Users Today : 9