
भीलवाड़ा ,( जय प्रकाश शर्मा)!बनेड़ा उपखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय में संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उद्घोष लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गुरुवार को आयोजित प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा संस्कृत भाषा की महत्ता, भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत साहित्य से संबंधित विषयों पर प्रभावशाली उद्घोष लिखे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कन्हैया लाल मीणा ने समस्त विद्यार्थियों को संस्कृत विषय के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कहा कि संस्कृत भाषा विश्व की प्रथम भाषा है और हमारी प्राचीन तथा धार्मिक ग्रंथ रूपी संपदा इसी भाषा के अंतर्गत सुरक्षित है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं भाषायी कौशल का परिचय देते हुए आकर्षक एवं सारगर्भित उद्घोष प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रेखा रेगर, कृष्णा माली,पिंकी माली, पार्वती गाडरी, कृष खोईवाल, राजेश रेगर, विष्णु कुमावत आदि विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम प्रभारी ज्योति रानी रिठोदिया द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाली अन्य गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।








Users Today : 1