Home » भीलवाड़ा » बनेड़ा में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया

बनेड़ा में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया

भीलवाड़ा ,( जय प्रकाश शर्मा), बनेड़ा ।उपखण्ड मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय  में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं महिला नीति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एक दिवसीय ‘करियर काउंसलिंग कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया।        
           कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) के.एल. मीणा ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. आर. एस. बांगड़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट सी.ए. हर्ष उपस्थित रहे। सत्र के दौरान विशिष्ट अतिथि सी.ए. हर्ष ने विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) परीक्षा की तैयारी, इसकी संरचना, पाठ्यक्रम और प्रवेश प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक अर्थव्यवस्था और समाज में चार्टर्ड अकाउंटेंट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वित्तीय पारदर्शिता, कर प्रबंधन और कॉर्पोरेट विकास में सी.ए. की भूमिका अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और सटीक रणनीति के साथ इस क्षेत्र में कदम रखने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता डॉ. आर. एस. बांगड़ ने अपने प्रेरणादायक व्याख्यान में विद्यार्थियों को बेहतर करियर निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बिंदु बताए। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही समय पर सही दिशा का चुनाव ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि और क्षमताओं को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन अपनाने और डिजिटल कौशल विकसित करने की सलाह दी। प्राचार्य प्रो. मीणा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को करियर संबंधी नई दिशा मिलती है और उनमें आत्मविश्वास का संचार होता है। कार्यक्रम का सफल संचालन ज्योति रानी रिठोदिया द्वारा किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रबंधन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment