Home » उदयपुर जिला » स्वागत वाटिका में ‘डांडिया रास 2026’ की धूम, माता की भक्ति में झूम रहे श्रद्धालु

स्वागत वाटिका में ‘डांडिया रास 2026’ की धूम, माता की भक्ति में झूम रहे श्रद्धालु

“आहुति सेवा संस्थान का सेवा भाव से जुड़ा आयोजन, अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की सहायता के उद्देश्य से पांच वर्षों से जारी है परंपरा”

उदयपुर। आहुति सेवा संस्थान की ओर से स्वागत वाटिका, सेक्टर-4, उदयपुर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘डांडिया रास 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर माता की भक्ति, आराधना और गरबा-रास में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में सजे प्रतिभागी गरबा और डांडिया के माध्यम से नवरात्रि के उल्लास को और भी खास बना रहे हैं।

आहुति सेवा संस्थान के संस्थापक डॉ. विक्रम मेनारिया ने बताया कि संस्थान पिछले पांच वर्षों से लगातार इस आयोजन को करता आ रहा है। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना है। संस्था धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति के प्रचार प्रसार को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।
मैक्स इंडिया न्यूज़ चैनल के डायरेक्टर विवेक पाराशर ने बताया कि डॉ. विक्रम मेनारिया एवं उनकी टीम सेवा और सामाजिक सरोकारों के पावन उद्देश्य के साथ कार्य कर रही है। डांडिया रास 2026 केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद बच्चों की सहायता के संकल्प को आगे बढ़ाने का एक माध्यम भी है।

कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं तथा महाआरती में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। गरबा-रास के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह और पारंपरिक परिधानों की छटा देखते ही बनती है। आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बेस्ट ड्रेस, बेस्ट कपल और बेस्ट ग्रुप गरबा डांस जैसी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं उपहार भी वितरित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता दिव्यानी कटारा, हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र चरण, वार्ड 50 के पार्षद  किरन कुमार झगड़ावत,पुखराज राजपुरोहित ने शिरकत की और माता की महाआरती में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

‘डांडिया रास 2026’ के माध्यम से स्वागत वाटिका में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक सेवा का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाती है। आहुति सेवा संस्थान का यह प्रयास नवरात्रि के उत्सव को सेवा, सहयोग और जनभागीदारी के संदेश से जोड़ रहा है। यह जानकारी डॉ. विक्रम मेनारिया ने दी !

Leave a Comment