



विज्ञान भारती, उदयपुर इकाई -अरावली विज्ञान समिति (चित्तौड़ प्रांत) द्वारा टीलाखेड़ा में पौधारोपण व पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया !
छात्रों व अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया पौधारोपण। महान वैज्ञानिक आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रे को याद किया !
दिनांक 30 जुलाई, टीलाखेड़ा ( उदयपुर) विज्ञान भारती, उदयपुर इकाई -अरावली विज्ञान समिति (चित्तौड़ प्रांत) द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, टीलाखेड़ा में एक गरिमामयी पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में विद्यालय के संस्था प्रधान संतोष व्यास ने सभी पधारे हुए अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
विज्ञान भारती, उदयपुर इकाई (चित्तौड़ प्रांत) एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, टीलाखेड़ा, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में चातुर्मास प्रारंभ के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने स्वयं पौधे लाकर विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा सुरम्य वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पौधारोपण किया और रोपे गए पौधों के नियमित संरक्षण व देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आम, आंवला, अमरूद, चंपा, शहतूत, कीकर, अमलताश, जामुन, अनार एवं नीम सहित विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री संतोष व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पौधों का पूजन कराया। उन्होंने प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी विद्यालय की अलग-अलग कक्षाओं को सौंपते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्तरदायी बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ कमल सिंह जी, प्रांत समन्वयक- वन हेल्थ मिशन, ने महान भारतीय वैज्ञानिक आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय (आचार्य पी. सी. राय) के प्रेरणादायी जीवन संस्मरण विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को आचार्य राय के वैज्ञानिक योगदान, स्वदेशी विज्ञान के प्रति उनके समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण में विज्ञान की भूमिका से अवगत कराया और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि महाराणा भूपाल विश्वविद्यालय से प्रोफेसर डॉ. कमलसिंह राठौड़, डॉ. गिरधरपाल सिंह एवं डॉ. मोहन सिंह राठौड़- सचिव विज्ञान भारती, मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से डॉ लोकेश अग्रवाल अध्यक्ष विज्ञान भारती- उदयपुर इकाई (चित्तौड़ प्रांत), डॉ. हरिश मंगेश, उपाध्यक्ष एवं डॉ. कुलदीप शर्मा कोषाध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान भारती, उदयपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं तथा पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित सहभागियों एवं विद्यार्थियों को जीवन में पर्यावरण एवं वृक्षारोपण के वैज्ञानिक तथा आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में विज्ञान भारती के पदाधिकारियों, विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र संसद अध्यक्ष कुशल कुंवर एवं उपाध्यक्ष युवराज सिंह ने भी अतिथियों का सहर्ष स्वागत किया। इस पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। आभार वृक्षारोपण प्रभारी कमलेश शर्मा ने व्यक्त किया।








Users Today : 5