
भींडर, (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)। वल्लभनगर के पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने भीण्डर उपखंड क्षेत्र में गेहूं की फसल की खरीद को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने खाद्य निगम जयपुर के मुख्य प्रबंधक को पत्र लिखकर क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर खरीद जल्द शुरू कराने की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि इस वर्ष भीण्डर उपखंड क्षेत्र में गेहूं की फसल का उत्पादन बंपर हुआ है, जिससे क्षेत्र के किसान काफी उत्साहित हैं। लेकिन इसके विपरीत स्थिति यह है कि भीण्डर के क्रय-विक्रय केंद्र पर अभी तक समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद शुरू नहीं की गई है। इस कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में बताया कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए वल्लभनगर तक लगभग 45 किलोमीटर और फतहनगर तक करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। इतनी दूर तक परिवहन करने में किसानों को अतिरिक्त खर्च और समय की हानि उठानी पड़ रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि इस स्थिति के चलते कई किसान अपनी उपज उचित मूल्य पर बेचने से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए भीण्डर क्षेत्र में ही समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद तत्काल प्रभाव से शुरू करवाई जाए।








Users Today : 379