

ग्रीन पीपल सोसाइटी और स्थानीय ग्रामवासियों के पारंपरिक स्वागत से हुए अभिभूत
भींडर (कन्हैयालाल मेनारिया बासड़ा)!ग्रीन पीपल सोसाइटी उदयपुर के तत्वावधान में फ्रांस से भारत आए प्रकृतिप्रेमियों का 25 सदस्यीय दल सोमवार अलसुबह बर्ड विलेज मेनार के ढंढ तालाब पहुंचा ।
ढंढ तालाब के नवनिर्मित घाट पर स्थानीय ग्रामवासियों एवं ग्रीन पीपल सोसाइटी के सदस्यों द्वारा पारंपरिक उपरणा द्वारा स्वागत किया गया । स्वागत पश्चात जलाशय की पारिस्थितिकी, जलीय वनस्पति, इनमें विचरण करने वाले देशी विदेशी पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की । स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्राम वासियों द्वारा इस तालाब के संरक्षण संवर्धन हेतु अपने विचार साझा करते हुए यह बताया कि उनके पूर्वजों ने इस तालाब को बचाने में कितने प्रयास किये । रिटायर्ड उप वन संरक्षक सुहेल मजबूर ने बताया कि स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा किए गए संरक्षण के प्रयास से ही जलाशय सुरक्षित हैं । मेनार में इतनी संख्या में पक्षी प्रजातियां विचरण करती हैं जोकि उदयपुर के अन्य किसी जलाशय में देखने को नहीं मिलती हैं । रिटायर्ड एसीएफ डॉ सतीश शर्मा ने फ्रांसीसी दल के सदस्यों को मेनार वेटलैंड के बारे में जानकारी दी एवं बताया कि ग्रीन पीपल सोसाइटी के सदस्यों के प्रयासों से 2016 में मेनार को इंपॉर्टेंट बर्ड एंड बायोडायवर्सिटी एरिया घोषित किया गया था । पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रीन पीपल सोसाइटी के वाइस चेयरमैन विक्रम सिंह ने बताया कि सोसाइटी पर्यावरण संरक्षण, पक्षी संरक्षण, ग्रामीण विकास, रूरल टूरिज्म, सतत पोषणीय विकास की अवधारणा पर कार्य करती है । तालाब पर पक्षी दर्शन के साथ स्थानीय ग्रामवासियों के साथ चर्चा परिचर्चा की गई । फ्रांसीसी दल के कॉर्डिनेटर अनिल ने चर्चा को फ्रेंच में ट्रांसलेट कर समझाया । इसके बाद यह दल स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मधुश्याम स्टेडियम पहुंचा वहां पर ढोल वादन के साथ पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित बालिकाओं द्वारा मंगल कलश के साथ कुमकुम तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया । इस दल में एक महिला सहयात्री का जन्म दिवस होने पर विद्यालय परिसर में मौलश्री के दो पौधे लगवाकर उनके जन्मदिन को चीर स्मरणीय बनाया गया । फ्रांसीसी महिला ने कहा कि मेनार में यह पौधरोपण मेरे लिए यादगार क्षण है । वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद विद्यालय के सभा कक्ष में ग्रीन पीपल सोसाइटी के एस एन दवे द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन से विभिन्न गतिविधियों जिसमें वन संरक्षण ,पर्यावरण एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, जलाशयों की सुरक्षा, ग्राम वासियों के लाइवलीहुड से जुड़ी हुई गतिविधियां , ऑर्गेनिक कृषि , पॉलिथीन मुक्त संदेश , अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय दिवसों को समारोह पूर्वक मनाना जैसे वर्ल्ड स्पैरो डे , वर्ल्ड एनवायरमेंट डे , बर्ड फेस्टिवल , वाइल्डलाइफ वीक, जल संरक्षण कार्यो एवं जलाशयों को संरक्षित रखने के कार्य इत्यादि को विस्तृत रूप से अवगत कराया ।
कार्यक्रम के स्थानीय कॉर्डिनेटर दर्शन मेनारिया ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में संयुक्त राष्ट्र संघ में विश्व पर्यावरण दिवस पर शोकेस की गई एवं अंतरराष्ट्रीय जैक्सन वाइल्ड पुरस्कार प्राप्त डॉक्यूमेंट्री विंग्स ऑफ हॉप दिखाई गई । इसमें मेनार वासियों ने स्वार्थरहित होकर किस तरह जलाशयों का संरक्षण कर इन्हें पक्षियों के लिए आरक्षित किया हुए है यह दर्शाया गया । फिल्म को देखकर सभा कक्ष तालियों से गूंज उठा । कार्यक्रम पश्चात सांकेतिक रूप से राजस्थान और फ्रांस की मैत्री को दर्शाता रुद्राक्ष होटल पर परंपरागत मेवाड़ी और यूरोपीय व्यंजन का फ्यूजन प्रस्तुत किया गया ।इस अवसर पर ग्रीन पीपल समिति के सदस्य विक्रम सिंह , सुहेल मजबूर , आईजी माथुर, सतीश शर्मा, एस एन दवे, ललित कोठारी , वी एस राणा ,अरुण सोनी, विनय दवे ,दर्शन मेनारिया एवं स्थानीय ग्रामवासी विजय लाल एकलिंगदासोत,हुकमी चंद सांगावत, ओंकार लाल भलावत, मांगी लाल लूणावत, कन्हैया लाल ठाकरोत,उप सरपंच मांगी लाल सिंगावत, सरपंच प्रमोद ढोली,विजय लाल मेरावत, भेरू लाल दियावत, शारीरिक शिक्षक चंद्र शेखर दियावत, खूबी लाल मेनारिया, नरेश मेनारिया, ओमप्रकाश दौलावत,राजू दौलावत,प्रकाश सुथार,राहुल लूणावत,मनीष मंद्रावत, भंवर लाल उदावत आदि मौजूद रहे।








Users Today : 5