
खेरवाड़ा। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि संभाग के जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में स्थित मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा। उक्त विचार सांसद गरासिया ने सुखाड़िया विश्वविद्यालय की उपकुलपति सुनीता मिश्रा से मुलाकात के दौरान व्यक्त किये । सांसद प्रवक्ता पारस जैन ने बताया कि सांसद गरासिया को विश्वविद्यालय की उपकुलपति सुनीता मिश्रा एवं रजिस्टार वी सी गर्ग ने बताया कि सुखाड़िया विश्वविद्यालय विगत कई वर्षों से दक्षिण राजस्थान का शिक्षा का सबसे बड़ा मंदिर है। यहां पर सभी प्रकार के कॉलेज एवं विभाग स्थित है साथ ही स्नातौकतर कन्या महाविद्यालय भी है। जिसको देखते हुए केंद्रीय विश्वविद्यालय का होना आने वाली पीढ़ी के लिए मिल का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर सांसद गरासिया ने कहा कि उन्होंने स्वयं इस विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण की तथा जनजाति बाहुल्य उदयपुर संभाग के लाखों विद्यार्थियों ने यहां से शिक्षा ग्रहण कर अपने भविष्य का निर्माण किया है। यदि यह विश्वविद्यालय केंद्रीय विश्वविद्यालय बनता है तो भविष्य में युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार के क्षेत्र में भी बेहतर संभावनाएं मिलेगी तथा जनजाति क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय शिक्षा के मिलने से उनके उज्जवल भविष्य का निर्माण हो सकेगा।








Users Today : 33