Home » धर्म » मेनार ठाकुरजी को धराया छप्पन भोग

मेनार ठाकुरजी को धराया छप्पन भोग

दीपावली महापर्व पर भौमवती अमावस्या चित्रा नक्षत्र में जयकारों की गूंज के साथ मेनार ठाकुरजी को धराया छप्पन भोग

मेनार में दीपों और भक्ति का अद्भुत संगम, ठाकुरजी मंदिर परिसर में गूंजे जयकारे

वल्लभनगर/मेनार !दीपों के पर्व दीपावली के पावन अवसर पर उपखण्ड क्षेत्र के मेनार में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। भौमवती अमावस्या एवं चित्रा नक्षत्र के शुभ संयोग में ओंकारेश्वर चौक स्थित प्राचीन ठाकुरजी मंदिर में जयकारों की गूंज और भक्ति रस से ओतप्रोत माहौल के बीच ठाकुरजी को सामूहिक छप्पन भोग धराया गया। दीपावली महापर्व के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को ग्रामीणों ने सैकड़ों दीपों, रंगीन झालरों और पुष्प सज्जा से भव्य रूप दिया। मंदिर के प्रत्येक कोने से झिलमिलाती रोशनी मानो भक्तों की आस्था का प्रतिबिंब बनकर दमक उठी। ठाकुरजी का आकर्षक श्रृंगार सुगंधित फूलों, चंदन व विशेष परिधानों से किया गया, जिससे मंदिर में दिव्यता और बढ़ गई।
            पुजारी के वैदिक मंत्रोच्चार व भक्तों के सामूहिक कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। अमावस्या तिथि शाम 5:54 बजे तक रहने के कारण सायं 4 बजे ठाकुरजी को 56 प्रकार के पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इनमें विविध मिठाइयाँ, फल, सूखे मेवे और देशी व्यंजन सम्मिलित थे। भोग के पश्चात महाआरती संपन्न हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दीप जलाकर अपने आराध्य के समक्ष मनोकामनाएँ मांगीं। इसके बाद ठाकुरजी का महाप्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। 56 भोग का लाभ विशेष रूप से गांव की समस्त महिलाओं ने लिया। छप्पन भोग से पूर्व स्थानीय युवाओं द्वारा भजन कीर्तन किया गया।
           इस अवसर पर मेनार सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा गांव दीपमालाओं की श्रृंखला से जगमगाता नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए घरों में भी दीप प्रज्वलित किए और भगवान विष्णु के अवतार ठाकुरजी से सुख, समृद्धि व शांति की कामना की। दीपावली की रात्रि में मंदिर से लेकर गलियों तक उत्सव का माहौल रहा। कहीं बच्चों की हंसी-ठिठोली, तो कहीं भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही। इस तरह मेनार गांव में दीपावली पर्व भक्ति, आस्था और उमंग के साथ उल्लासपूर्वक मनाया गया। वही ग्राम रुंडेडा में भी समस्त ग्रामवासियों द्वारा भगवान श्री लक्ष्मीनारायणजी को जयकारे लगाते हुए छप्पन भोग धराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। महिलाओ ने भगवान के भक्तिगीत गाये, पुरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?