


वल्लभनगर, (कन्हैयालाल मेनारिया बासड़ा)!आज मुंडोल- खोड़ीयाजी बावजी के पावन प्रांगण में विजयदशमी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शस्त्र पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आसपास के सभी गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन अपने-अपने घरों से पारंपरिक शस्त्र लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सामूहिक रूप से शस्त्र पूजन किया।
पूजन कार्यक्रम का संचालन खोड़ीयाजी के पुजारी भग्गाजी भोपाजी की विशेष उपस्थिति में विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान वातावरण में “भारत माता की जय”, “जय श्रीराम” और “वंदे मातरम्” के जयघोष गूंजते रहे।
समारोह में विशेष प्रवास बद्रीलाल जी नवानिया का रहा, जिन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौरवमयी परंपरा, उसके शताब्दी वर्ष की यात्रा और समाज निर्माण में संघ की भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि 1925 में डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी ने विजयदशमी के दिन संघ की स्थापना की थी, जिसका उद्देश्य भारतीय समाज में राष्ट्रभावना, एकता और चरित्र निर्माण को सशक्त बनाना था।
आज संघ अपनी स्थापना के 100 वर्षों के स्वर्णिम पड़ाव की ओर अग्रसर है और देशभर में समाज सेवा, शिक्षा, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित के अनेक आयामों पर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में संघ के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। शस्त्र पूजन के बाद सामूहिक प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








Users Today : 43