

नौ दिनों तक होंगे विविध हवन-पूजन अनुष्ठान
गरबा पंडालों की सजी धजी तैयारियां, मंदिरों में विद्युत रोशनियों से सजावट, इस बार नवरात्र अनेक शुभ संयोगों में मनेगा
वल्लभनगर,( कन्हैयालाल मेनारिया बासड़ा)! उपखण्ड क्षेत्र खरसान स्थित श्री कल्याण गातोड़ श्याम मंदिर में रविवार को अमावस्या तिथि पर शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ शक्ति आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ हुआ। दोपहर 3:15 बजे गादीपति भंवरलाल, लक्ष्मीलाल एवं भगवान ककावत द्वारा पंडित हीरालाल झालावत के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत घट स्थापना संपन्न हुई। घट स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जो भी श्रद्धालु नवरात्रि के दौरान मां अम्बे की भक्ति भाव से आराधना करता है, उसके जीवन से दुख-दारिद्र्य का नाश होता है और सुख-शांति व समृद्धि का वास होता है। इस बार नवरात्रि अनेक शुभ संयोगों के बनने के कारण और भी विशेष मानी जा रही है।
29 सितम्बर को होगा अष्टमी हवन व समापन
खरसान स्थित श्री कल्याण गातोड़ श्याम मंदिर में हर वर्ष की भांति नवरात्रि का आयोजन दिन-गणना के आधार पर किया जा रहा है। अमावस्या से प्रारंभ हुई घट स्थापना का समापन 29 सितम्बर को अष्टमी तिथि पर हवन-यज्ञ के साथ होगा। इन नौ दिनों तक मंदिर परिसर में अखंड ज्योत प्रज्वलित रहेगी।
क्षेत्रभर में सजी नवरात्रि की धूम
सोमवार से उपखण्ड क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी नवरात्रि की शुरुआत घट स्थापना के साथ होंगी। मेनार, भटेवर, रुंडेडा, नवानिया, वाना, वल्लभनगर, विजयपुरा, धमानिया, तारावट, बाठरड़ा खुर्द, इंटाली, चायला खेड़ा, रोहिड़ा सहित अनेक गांवों के माता मंदिरों में श्रद्धालु घट स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा आरंभ की जाएगी। इस बार चतुर्थी तिथि दो होने से नवरात्रि दस दिनों तक मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं को अतिरिक्त एक दिन तक माता की पूजा-अर्चना करने का अवसर मिलेगा।
गरबा-डांडिया महोत्सव का आगाज़ आज होगा
नवरात्रि को लेकर जगह-जगह माता मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर गरबा पंडाल सजे हुए हैं। विद्युत रोशनियों से सजे मंदिरों में रात्रि को गरबा-डांडिया महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें गांव-गांव से श्रद्धालु शामिल होकर मां अम्बे के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।








Users Today : 2