
भींडर ( कन्हैयालाल मेनारिया बाँसड़ा )!उदयपुर जिले के भींडर तहसील के मुख्य मार्ग पर स्थित केदारिया गांव में केदारेश्वर महादेव मंदिर भक्तों के लिए आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है।
उदयपुर-भींडर-नीमच मुख्य मार्ग पर स्थित केदारेश्वर महादेव मंदिर की महिमा अद्भुत मानी जाती है। कहा जाता है कि यहां आने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है। मंदिर में बारहों महीने विधिवत पूजा-अर्चना होती है। पुजारी संध्या गिरी के सानिध्य में मंदिर की देखरेख हो रही है। मान्यता है कि केदारेश्वर महादेव हर प्रकार की व्याधि को दूर कर देते हैं।
कैसे पहुंचे मंदिर तक
उदयपुर से चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे-76 से भटेवर पहुंचकर भींडर मार्ग से बाँसड़ा बस स्टैंड होकर मन्दिर तक जाया जा सकता है। वाना रोड पर 1.5 किलोमीटर अंदर मंदिर स्थित है। सलूम्बर जाने के लिए किरकी चौकी स्टैंड हाईवे होकर भींडर पहुंच सकते हैं। वहाँ से केदारिया बस स्टैंड पर संकेत बोर्ड लगा हुआ है, जहाँ से गांव के अंदर एक किलोमीटर की दूरी पर मंदिर स्थित है। चित्तौड़ से उदयपुर हाईवे-76 से वाना गांव होते हुए अंदर चार किलोमीटर जाने पर भी संकेत बोर्ड लगा हुआ है, जहाँ से मंदिर तक पहुंचा जा सकता है।
चमत्कारी महाकुंड
मंदिर परिसर में एक बावड़ी स्थित है, जिसका पानी चमत्कारी माना जाता है। मान्यता है कि इस पानी से स्नान करने से पाप धुल जाते हैं और लाइलाज चर्म रोग, फोड़े-फुंसी, दाद-खाज और खुजली जैसी बीमारियाँ ठीक हो जाती हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु यहाँ दर्शन करने के साथ-साथ इस जल को बोतलों में भरकर अपने साथ ले जाते हैं।
कल्पवृक्ष की मान्यता
मंदिर परिसर में दो कल्पवृक्ष स्थित हैं, जिनमें से एक नर और एक नारी स्वरूप का है। श्रद्धालु इनकी पूजा कर मनोकामना पूर्ति के लिए पीले धागे बांधते हैं।
मंदिर के पीछे गार्डन
मंदिर के पीछे एक सुंदर गार्डन स्थित है, जिसमें पारस, पीपल और रुद्राक्ष सहित कई प्रकार के पेड़-पौधे लगे हुए हैं।
वैशाख पूर्णिमा पर दो दिवसीय मेला
प्रत्येक वर्ष वैशाख पूर्णिमा पर मंदिर प्रांगण में दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें आसपास के दर्जनों गाँवों से श्रद्धालु आते हैं। मेले में इनामी ड्रा भी रखा जाता है।
महाशिवरात्रि पर भजन-कीर्तन
फाल्गुन माह में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवजी का अभिषेक किया जाता है। रात्रि में भजन-कीर्तन होते हैं। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाता है।








Users Today : 125