
वियतनाम से आए सफ़ेद मार्बल पत्थर पर नक्काशी के साथ बना राम दरबार, प्राण प्रतिष्ठा में होंगे विविध धार्मिक आयोजन
वल्लभनगर 08 फ़र. :- उपखंड क्षेत्र के मेनार में धण्ड तालाब की पाल पर स्थित मंशापूर्ण कमलनाथ महादेव जी के समीप अयोध्या में स्थित प्रभू श्रीराम मंदिर की तर्ज़ पर श्रीराम मंदिर निर्माण किया जा रहा है, जहाँ भगवान श्रीराम दरबार की स्थापना होगी, जिसके लिए मंदिर निर्माण पूर्ण हो चुका है, अब मंदिर में भगवान श्री राम दरबार माँ सीता, श्रीराम, लक्ष्मणजी एवं हनुमानजी की प्राण प्रतिष्ठा की जावेगी। इसके साथ ही मंदिर के समीप ही 12 ज्योतिर्लिंग की भी स्थापना होगी। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शुक्रवार रात्रि 8 बजे थंब चौक मेनार में ग्रामीणों की बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर चर्चा की गई।
वरिष्ठ अधिवक्ता हुक्मीचंद सांगावत, अम्बालाल रूपावत, रमेश लुणावत, सेवानिवृत्त व. शा. शि. कन्हैयालाल दियावत ने बताया कि बैठक में श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सर्वसम्मति से 21 अप्रैल को तय किया गया, जिसमें संवत 2082 वैशाख कृष्ण 8 चंद्रवार उ. षा. 21 अप्रैल को अभिजीत मुहूर्त में श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जावेगी, जिसको लेकर बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। सांगावत ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए सहयोग सभी ग्रामीणों से स्वेच्छिक रूप से लिया जाएगा, तथा कार्यक्रम का सभी गांवो में निमंत्रण दिए जाएंगे। बैठक में कार्यक्रम के लिए अलग-अलग समितियां गठित की गई और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई। इस आयोजन को भव्य तरीके करने की रणनीति बनाई गई। बैठक में प्राण प्रतिष्ठा, मंदिर व राम दरबार सहित समस्त धार्मिक हवन, अनुष्ठान को लेकर चर्चा की गई। साथ ही शनिवार सुबह समस्त ग्रामवासियों ने श्री चारभुजानाथ जी मंदिर प्रांगण में 21 अप्रैल को महाप्रसादी भी थापी गई। 21 अप्रैल को श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होने के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन होगा।
मंदिर निर्माण हुआ सफेद मार्बल में
राधाकिशन पुंडरोत, ओंकारलाल भलावत, मांगीलाल लुणावत ने बताया कि यह मंदिर सफेद मार्बल में निर्मित किया गया, जो राजसमंद जिले के आमेट में जयपुर के सफेद मार्बल पत्थर से बना। वही मंदिर में राम दरबार के लिए प्रतिमाओं का निर्माण बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा कस्बे में हुआ, जिसके लिए वियतनाम के सफेद मार्बल पत्थर को चयनित कर प्रभू श्री राम दरबार माँ सीता, श्रीराम, लक्ष्मणजी एवं हनुमानजी प्रतिमाओं निर्माण किया गया।
मंदिर बना करीब 5.25 लाख रुपये में
विजयलाल भलावत, ओंकारलाल लुणावत, बंशीलाल मानावत ने बताया कि मंदिर निर्माण में सम्पूर्ण अनुमानित लागत करीब 5.25 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग वरिष्ठ अधिवक्ता, विप्र फाउंडेशन जिला संरक्षक हुक्मीचंद सांगावत द्वारा किया गया तथा प्रभू श्रीराम दरबार माँ सीता, राम एवं लक्ष्मणजी की प्रतिमाओ का 1.11 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग मंडफिया स्थित सांवरा सेठ द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर समस्त ग्रामीण मौजूद थे।








Users Today : 11