
वल्लभनगर , (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!बांसड़ा में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा बांसड़ा विधानसभा क्षेत्र के बांसड़ा में भागवत सेवा समिति बांसड़ा एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में मंशापूर्ण महादेव मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन भक्तिमय वातावरण में जारी है। कथा के दूसरे दिन मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण भक्ति, हरिनाम संकीर्तन और भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों से माहौल भक्तिरस में डूब गया। कथा व्यास उज्जैन स्थित गोकुलधाम आश्रम के संत शिरोमणि नारायण प्रसाद ओझा ने श्रीमद् भागवत महापुराण के गूढ़ रहस्यों को सरल एवं भावपूर्ण शब्दों में प्रस्तुत किया। उन्होंने पांडव धर्मराज युधिष्ठिर और महाबली अर्जुन के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि समय पर जो प्राप्त हो, उसी में संतोष करना सच्चा सुख है। संत ओझा ने कहा कि मनुष्य का वास्तविक कल्याण भगवान की शरण में जाने से ही संभव है। उन्होंने कलयुग का वर्णन करते हुए राजा परीक्षित की कथा का भावपूर्ण वाचन किया और बताया कि कलयुग में भी भगवत नाम-स्मरण और सत्संग से जीवन सफल बनाया जा सकता है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन होते ही श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूम उठे। ‘नंद के आनंद भयो’ और ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो’ जैसे भजनों पर पूरा परिसर भक्तिरस में मग्न हो गया।








Users Today : 14