
वल्लभनगर, (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!बांसडा वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के बांसड़ा गांव में भागवत सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में बुधवार को मंशापूर्ण महादेव मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारम्भ किया गया। शुभारम्भ अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई ।
श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व श्री हनुमानजी मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 151 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री राधाकृष्ण मंदिर, चारभुजा नाथ मंदिर से गुजरकर मंशापूर्ण महादेव मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। मुख्य कलश की बोली 1100 में कालूलाल व्यास तथा भागवत पोथी की बोली 1100 में चुन्नीलाल व्यास ने लगाई।
विधिवत पूजन-अर्चन के बाद व्यास पीठ से उज्जैन स्थित गोकुलधाम आश्रम के संत शिरोमणि नारायण प्रसाद ओझा ने कथा वाचन प्रारम्भ किया। प्रथम दिवस उन्होंने नारद संवाद का सुंदर वर्णन करते हुए कहा कि कलियुग में राम नाम का जप ही मानव जीवन का सबसे बड़ा सहारा है।
उन्होंने कहा कि सच्चा भक्त वही है जो सतगुरु की महिमा को स्वयं समझे और उसे जन-जन तक पहुंचाए।
कथा के प्रथम दिवस बांसड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कथा का रसपान किया। सात दिवसीय कथा को लेकर गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।








Users Today : 3