
उदयपुर,(कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा),10 दिस.! महिला अधिकारिता विभाग के अंतर्गत प्रसा अनुसंधान संस्था के द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, जीआरपी (GRP) रेलवे थाना, उदयपुर के तत्वावधान में प्रताप नगर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में लिंग आधारित हिंसा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
संस्था प्रधान सविता तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लैंगिक भेदभाव के खिलाफ जागरूक करना, महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी देना और एक सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था। संस्था का मानना है कि अपराध रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ युवाओं की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को चुप्पी तोड़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में उपस्थित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सामाजिक परामर्शदात्री मंजरी गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए लिंग आधारित हिंसा के विभिन्न रूपों के बारे में विस्तार से बताया। वक्ताओं ने समझाया कि हिंसा केवल शारीरिक नहीं होती, बल्कि मानसिक प्रताड़ना, साइबर बुलिंग और आर्थिक शोषण भी हिंसा की श्रेणी में आते हैं।
तकनीकी युग को देखते हुए छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी आगाह किया गया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीकों पर चर्चा की गई। साथ ही, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 और 112 की जानकारी साझा की गई। परामर्शदात्री श्वेता जोशी ने सुरक्षित रेल यात्रा पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को बताया गया कि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में वे रेलवे हेल्पलाइन 139 और मेरी सहेली ऐप का उपयोग कैसे कर सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में आईटीआई प्रिंसिपल के जी पानेरी ने प्रसा अनुसंधान संस्था और जीआरपी की इस पहल की सराहना की। जी आई निशा थॉमस, जी आई दीपक खत्री एवं जीआरपी थाने से आई आर्शी खान ने भी अपनी बात रखी।








Users Today : 14