
धरणेन्द्र जैन
खैरवाड़ा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर एच बामनिया ने बताया कि जिले में प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार और परिवार नियोजन में पुरुषो की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 2024 के अंतर्गत दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
सीएमएचओ डॉ बामनिया ने बताया कि इस बार का थीम “स्वस्थ मां, स्वस्थ बच्चा – जब पति का हो परिवार नियोजन में योगदान अच्छा ” रखा गया है।
एडिशनल सीएमएचओ डॉ रागिनी अग्रवाल ने बताया कि पहला चरण 21 से 27 नवंबर तक मोबिलाइजेशन सप्ताह के रूप में और दूसरा सप्ताह 28 से 4 दिसंबर तक सेवा वितरण सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा। जनसंख्या स्थिरीकरण में पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित करने और पुरुष नसबंदी अधिक से अधिक करवाने के लिए जागरूकता हेतु प्रचार प्रसार अभियान चलाया जा रहा है।
पुरुष नसबंदी पखवाड़े हेतु स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा अपने क्षेत्र में लोगों को पुरुष नसबंदी हेतु प्रेरित करना, उपलब्ध साधनों की जानकारी देना, सीमित परिवार के लाभों को बताया जा रहा है। पुरुष नसबंदी के खण्ड स्तर पर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अधिक से अधिक नसबंदी कराने का लक्ष्य रखा गया है। सीएचसी ऋषभदेव में 29 नवंबर को, सीएचसी कोटडा और सेटेलाइट हॉस्पिटल वल्लभनगर में 30 नवंबर को, सीएचसी गोगुंदा में 2 दिसंबर को,सीएचसी झाड़ोल और सीएचसी मावली में 3 दिसंबर को, सीएचसी नाई में 4 दिसंबर को,उप जिला अस्पताल भींडर, सेटेलाइट हॉस्पिटल हिरन मगरी और सेटेलाइट हॉस्पिटल चांद पोल में 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक प्रतिदिन कैम्प का आयोजन किया जाएगा।








Users Today : 27