


फतहनगर में प्रमुख जन गोष्टी – समाज संवाद पर जोर
फतेहनगर 12 अप्रैल 2026! राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ फतेहनगर खंड जिला भिंडर द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्यानिकेतन फतेहनगर में ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता दीपक जी शुक्ल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत कार्यवाहक चित्तौड़ प्रांत ने कहा कि गत सौ वर्षों में संघ ने दैनिक शाखाओं, सेवा कार्यों, शैक्षणिक एवं सामाजिक पहल के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया है। संघ की मूल दृष्टि हमेशा से एक मजबूत, आत्मविश्वासी, सांस्कृतिक रूप से जागरूक और संगठित भारत के निर्माण की रही है। स्वयंसेवक प्रायः मौन और निष्काम भाव से समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देकर राष्ट्र को सशक्त बनाने में संलग्न रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर राष्ट्र की एक आत्मा होती है।
*“राष्ट्र निर्माण केवल शासन या किसी एक संगठन का कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सज्जन व्यक्ति की जिम्मेदारी है।”*
भविष्य की दिशा पर उन्होंने अधिक से अधिक युवा वर्ग को सकारात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ने, सामाजिक समरसता तथा सभी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकसूत्र में पिरोने, परिवार संस्था की मजबूती और समुदाय आधारित जीवन मूल्यों तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रत्येक नागरिक के राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य वक्ता ने उद्बोधन देते हुए समाज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की रचनात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में स्वयंसेवक, प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोग तथा समाज के विविध वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। तत्पश्चात मंचासीन अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मंचासीन अतिथियों का औपचारिक परिचय एवं स्वागत किया गया। आयोजकों ने संक्षेप में बताया कि आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रमुखजन गोष्ठी संघ की सामाजिक व राष्ट्रीय यात्रा को समझने और भविष्य की दिशा पर विमर्श करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।








Users Today : 52