
भीलवाड़ा, (जय प्रकाश शर्मा)!बनेड़ा – उपखण्ड मुख्यालय स्थित पीएम श्री अक्षय स्मारक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए “विद्यार्थी शिक्षा, संस्कार एवं देशभक्ति” विषय पर राष्ट्रिय वार्ता का आयोजन किया गया।
वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. शंकर लाल माली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि क शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। संस्कार युक्त शिक्षा से ही एक जिम्मेदार, नैतिक और राष्ट्रभक्त नागरिक का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने दैनिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही सच्ची देशभक्ति है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए ताकि वे देश के उज्ज्वल भविष्य में अपना योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य बसंत सामरिया तथा चन्द्रकांत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश जोशी तथा शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्य सामरिया द्वारा विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य वक्ता माली का आभार व्यक्त किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। विद्यार्थियों ने इस वार्ता को अत्यंत प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक बताया। वार्ता के पश्चात डॉ माली द्वारा विधालय परिसर में पौधारोपण किया गया।








Users Today : 3