
वल्लभनगर,( कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!बार एसोसिएशन वल्लभनगर के तत्वावधान में शनिवार को अधिवक्ताओं ने वल्लभनगर में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (एडीजे) तथा एनआई एक्ट न्यायालय की स्थापना की मांग को लेकर न्यायिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया। बार अध्यक्ष बाबूलाल डांगी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी व प्रदर्शन कर न्यायपालिका एवं राज्य सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष बाबूलाल डांगी, दुर्गेश मेनारिया एवं अजीत प्रसाद नीमडिया ने बताया कि लंबे समय से वल्लभनगर में एडीजे न्यायालय एवं एनआई एक्ट के अंतर्गत मामलों की सुनवाई हेतु पृथक न्यायालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है। वर्तमान में इन न्यायालयों के अभाव में क्षेत्र के पक्षकारों को न्याय प्राप्त करने के लिए दूरस्थ न्यायालयों में जाना पड़ता है, जिससे समय, धन एवं श्रम की अनावश्यक हानि हो रही है।
अधिवक्ता डालचंद पोखरना एवं पूर्व बार अध्यक्ष मुकेश मेनारिया ने बताया कि एनआई एक्ट से संबंधित मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन वल्लभनगर में पृथक न्यायालय नहीं होने के कारण मामलों के निस्तारण में अत्यधिक विलंब हो रहा है। इससे आमजन को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है, जिसे देखते हुए अधिवक्ताओं ने एडीजे कोर्ट एवं एनआई कोर्ट खोलने की स्वीकृति की मांग की।
न्यायिक कार्यों के बहिष्कार के चलते वरिष्ठ सिविल न्यायालय में होने वाली सुनवाई प्रभावित रही। अधिवक्ताओं ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। इस अवसर पर बार अध्यक्ष बाबूलाल डांगी, अजीत प्रसाद नीमडिया, रमेशचंद्र बडाला, दुर्गेश मेनारिया, पूर्व बार अध्यक्ष मुकेश कुमार मेनारिया, पूर्व कोषाध्यक्ष योगेश माली कन्हैयालाल डांगी, नारायण गाडरी, महासचिव भूपेंद्र मेनारिया, वित्त सचिव कैलाश मेघवाल, सचिव चंद्रप्रकाश मेघवाल, लहरीलाल डांगी, पुस्तकालय सचिव ललिता गोपावत, गजेंद्रकुमार ओस्तवाल, शरीफ मोहम्मद, मकबूल अहमद सिंधी, श्रवण कुमार पोखरना, माया नागदा, चेतन डांगी, पवन मेनारिया, नारायण डांगी, दिनेश डांगी, रमेश जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।








Users Today : 7