
वल्लभनगर, (कन्हैया लाल मेनारिया बासड़ा)!उपखण्ड क्षेत्र के भटेवर में संचालित नाइस कम्प्यूटर सेंटर पर बुधवार को मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के अंतर्गत महिलाओं के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ किया गया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त मैनेजर रंगलाल मेहता द्वारा किया गया। इस दौरान नाइस कम्प्यूटर सेंटर के निदेशक भगवतीलाल मेनारिया तथा प्रकाश चंद्र डांगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सेंटर संचालक भगवतीलाल मेनारिया ने बताया कि प्रथम चरण में 11 महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में प्रतिभागियों को कंप्यूटर के बेसिक ऑपरेशन, टाइपिंग, इंटरनेट उपयोग, ईमेल संचालन, डिजिटल पेमेंट तथा सरकारी ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी, जिससे वे घर बैठकर भी विभिन्न कार्य निपटा सकें और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उद्घाटन समारोह के दौरान योजना में चयनित सभी महिलाओं एवं बालिकाओं को अध्ययन सामग्री एवं प्रशिक्षण पुस्तिकाएं वितरित की गईं। महिलाओं ने इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं सेंटर प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि यह अवसर उनकी शिक्षा और करियर में नया अध्याय जोड़ने वाला होगा।कार्यक्रम में प्रशिक्षक टीम ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जो भविष्य में आगे की नौकरी या कौशल विकास कार्यक्रमों में उपयोगी साबित होगा।








Users Today : 14