
खेरवाड़ा (धरणेन्द्र जैन)। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष पारस जैन एवं भाजपा जिला मंत्री अमित कलाल ने उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत को ज्ञापन देकर अजमेर से सियालदाह चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12988 को उदयपुर से चलाने की मांग की है। ज्ञापन में जैन व कलाल ने बताया कि यह ट्रेन जैन धर्म के सबसे बड़े तीर्थ सम्मेद शिखर होकर जाती है। संभाग के हजारों जैन व अन्य तीर्थ यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने के लिए अजमेर जाने को मजबूर होते हैं। कई यात्री सम्मेद शिखर जाने के लिए जोधपुर, जयपुर ,अहमदाबाद व रतलाम होकर जाते हैं, जिससे यात्रियों के समय व धन की बर्बादी होती है। सम्मेद शिखर से वापसी आने के लिए भी यात्रियों को इसी ट्रेन से अजमेर जाकर उदयपुर आने के लिए बस या अन्य साधन पकड़ने को मजबूर होना पड़ता है ।ज्ञापन में मांग की गई है कि अजमेर से सियालदाह वाया सम्मेद शिखर मधुबन चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को उदयपुर से चलाई जाए ताकि सम्मेद शिखर जाने वाले हजारों तीर्थ यात्रियों को हो रही परेशानी से मुक्ति मिल सके। इस दौरान सांसद डॉक्टर रावत ने आश्वासन दिया कि वह आगामी 19 सितंबर को जयपुर में होने वाली रेलवे के अजमेर जोधपुर मंडल से संबंधित सांसदों की बैठक में इस विषय को प्रमुखता से रखकर इस ट्रेन को उदयपुर से चलाने का प्रयास करेंगे ।








Users Today : 14