Home » उदयपुर जिला » तरुण खटीक हत्याकांड के विरोध में उदयपुर में खटीक समाज ने सौंपा ज्ञापन

तरुण खटीक हत्याकांड के विरोध में उदयपुर में खटीक समाज ने सौंपा ज्ञापन

उदयपुर, 11 मार्च। दिल्ली के उत्तम नगर निवासी तरुण खटीक की होली के दिन असामाजिक तत्वों द्वारा की गई निर्मम हत्या के विरोध में आज उदयपुर में खटीक समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्री पहुंचकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 4 मार्च 2026 को दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण खटीक की नृशंस हत्या कर दी गई, जिससे पूरे देश में खटीक समाज में गहरा आक्रोश और दुःख का माहौल है। समाज के लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं और इससे समाज में भय व असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है।
समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखीं—

1) इस मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच करवाई जाए।
2) सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
3) दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
4) पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार को इस गंभीर मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए, ताकि समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय खटीक समाज के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान, सचिव पी.एस. खींची, पंच महासभा के अध्यक्ष भगवान प्रसाद चौहान तथा आम मेवाड़ महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष शांतिलाल सोलंकी के नेतृत्व में खटीक समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

विरोध प्रदर्शन में किशन निमावत, गोपाल चौहान, पूर्व अध्यक्ष पंच महासभा किशन चौहान, लक्ष्मी लाल निमावत, कमल बागडी, प्रवीण खोईवाल, संजय चन्देल, लक्ष्मी लाल चन्देरिया सहित गणमान्य जन उपस्थित थे।

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?