
मेनार के तालाब इससे पूर्व 2022, 2019, 2016, 2011 एवं 2006 में छलके तीन साल बाद इस वर्ष अच्छी बारिश से छलका ढंड तालाब
वल्लभनगर,(कन्हैयालाल मेनारिया बासड़ा)। बर्ड विलेज मेनार के लिए इस बार मानसून खुशियाँ लेकर आया है। मेनार सहित नेशनल हाइवे 48 से सटे इलाकों में पिछले सप्ताह से लगातार अच्छी बारिश हो रही है और बीते दो दिनों से तो मूसलाधार वर्षा का दौर जारी है। इसी के चलते शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे मेनार का ढंड तालाब तीन साल बाद छलक गया। इससे पहले यह जलाशय सितम्बर 2022 में छलका था।
वहीं ब्रह्म सागर में भी नेशनल हाइवे 48 के दोनों ओर स्थित माल क्षेत्र का पानी कैचमेंट एरिया से लगातार आ रहा है।
ढंड तालाब के छलकने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग और राहगीर तालाब के जल को नमन करते दिखाई दिए। मेनार का ब्रह्म सागर और ढंड तालाब देशी-विदेशी पक्षियों का प्रमुख आश्रय स्थल है। सर्दी की शुरुआत होते ही यहाँ मेहमान परिंदों का आगमन होता है, जो अप्रैल के पहले सप्ताह तक ठहरते हैं। इस बार तालाबों में भरपूर पानी से इन परिंदों के लिए भी यह खुशखबरी है।








Users Today : 14