
उपभोक्ताओं के उड़े होश, राशि जमा कराने में हो रही है परेशानी
धरणेन्द्र जैन
खैरवाड़ा। जन स्वास्थ्य अभियंत्रिक विभाग द्वारा क्षेत्र के खेरवाड़ा एवं ऋषभदेव कस्बे में उपभोक्ताओं को एक साथ 19 माह के पेयजल राशि जमा कराने के बिल थमा दिए हैं, जिसे देखकर क्षेत्र के उपभोक्ताओं के होश उड़ गए तथा एक साथ इतनी बड़ी राशि जमा कराने में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलदाय विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पहले दो माह का पेयजल शुल्क बिल जारी किया जाता था। लेकिन पूर्ववर्ती गहलोत सरकार द्वारा सलूंबर को जिला घोषित कर दिए जाने के पश्चात उक्त समस्या सामने आई। खेरवाड़ा व ऋषभदेव का जलदाय का डिवीजन सलूंबर था, जो सलूंबर के जिला बनने के बाद बंद हो गया तथा खेरवाड़ा व ऋषभदेव क्षेत्र को उदयपुर डिवीजन में सम्मिलित कर दिया गया। समय पर विभागीय कार्यवाही पूर्ण नहीं होने से उदयपुर डिवीजन का ई-मित्र जनरेट नहीं हो पाया। विभाग द्वारा ईमित्र जनरेट होने के पश्चात अब एक साथ 19 माह के बिल जारी किए गए हैं। क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं ने उन्हें हो रही परेशानी को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता पारस जैन से मुलाकात कर उन्हें हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। जैन ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी से राहत दिलाने को कहा। जिस पर अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कोई उपभोक्ता समय पर राशि जमा नहीं करा सकता है, तो उसे एक माह तक का विलंब शुल्क अदा नहीं करना पड़ेगा तथा वह एक माह के अंदर राशि जमा करा सकेगा ।
इनका कहना है
जलदाय विभाग द्वारा एक साथ 19 माह का बिल जारी होने से उपभोक्ताओं को राशि जमा कराने में कठिनाई या आ रही है। विभाग के अधिकारियों को कहा गया है कि उपभोक्ताओं को विलंब शुल्क में राहत प्रदान करावे ताकि वह सुविधा अनुसार राशि जमा करा सके ।
पारस जैन ,वरिष्ठ भाजपा नेता खेरवाड़ा
जलदाय विभाग की लापरवाही का खामियाजा जनता क्यों भुगते, विभाग को चाहिए कि थोड़ी थोड़ी राशि प्रतिमाह समायोजित करे, ताकि जनता को आर्थिक बोझ न पड़ें।
नरेन्द्र पंचोली, संयोजक खैरवाड़ा विकास मंच








Users Today : 2